देवास। जिले के रजोदा गांव में मंगलवार सुबह जवारा विसर्जन के दौरान मधुमक्खियों के हमले में 20 से अधिक ग्रामीण घायल हो गए। इनमें से 11 को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना सुबह करीब 9 बजे की है। ग्रामीण परंपरागत अनुष्ठान के लिए एक कुएं के पास जुटे थे। इसी दौरान पांच-छह लोग नहाने के लिए कुएं में उतरे। कुएं के ऊपर पीपल के पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था। नहाते समय पानी की छींटें छत्ते पर पड़ने से मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और लोगों पर हमला कर दिया।
जान बचाने के लिए दो किलोमीटर तक दौड़े ग्रामीण
अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ मच गई। मधुमक्खियों ने कई लोगों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर डंक मारे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ग्रामीण जान बचाने के लिए करीब दो किलोमीटर तक दौड़े, जबकि कई लोगों ने नीम की टहनियों से मधुमक्खियों को भगाने की कोशिश की।
कुछ ग्रामीण जालों से खुद को ढंककर छिप गए। करीब 15 मिनट तक मधुमक्खियां उनके आसपास मंडराती रहीं। झुंड के हटने के बाद ही वे बाहर निकले। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
