khabar abhi tak

CM मोहन यादव ने किया शस्त्र पूजन, पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर होगी भर्ती

85 हजार सरकारी पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया जारी 

पुलिस बैंड के लिए भी 750 पदों पर होगी भर्ती; पुलिस सेतु ऐप लॉन्च

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी के अवसर पर इंदौर में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में भारतीय सनातन संस्कृति, शौर्य, शक्ति और कर्तव्यनिष्ठा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने पुलिस लाइन में मां कालका की पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री ने पारंपरिक तलवार और भाले के साथ आधुनिक एके-47 सहित अन्य अस्त्र-शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पुलिस वाहनों और अश्वों का पूजन करने के बाद शस्त्रागार का निरीक्षण भी किया। इस दौरान महिला पुलिस दल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। महिला पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षमता और दक्षता किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है। बेटियां हर जिम्मेदारी को पूरी कुशलता से निभा रही हैं।

पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर होगी भर्ती

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में पुलिस बल को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के संबंध में महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी विभागों में मानव संसाधन बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर भर्ती का निर्णय लिया गया है। अगले दो वर्षों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य है। इसके अलावा, प्रदेश के विभिन्न विभागों में कुल 85 हजार पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने आगामी वर्ष को 'युवा वर्ष' के रूप में मनाने की बात भी कही। साथ ही, मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की विशेष परीक्षाएं जनवरी-फरवरी में आयोजित करने की योजना का उल्लेख किया।

पुलिस सेतु ऐप से मिलेगी थानों की जानकारी

इंदौर में पुलिस व्यवस्था को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने पुलिस सेतु ऐप का शुभारंभ किया। इस ऐप के माध्यम से नागरिक अपने क्षेत्र के पुलिस थानों, ड्यूटी अधिकारियों और उनके संपर्क विवरण की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर प्राप्त कर सकेंगे।

कार्यक्रम में यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए 51 दोपहिया वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये वाहन होंडा इंडिया फाउंडेशन की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत उपलब्ध कराए गए हैं।

पुलिस बैंड के लिए 750 नए पद

राष्ट्रीय पर्वों पर आयोजित होने वाली परेड को और अधिक गरिमापूर्ण बनाने के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले और पुलिस बल में पुलिस बैंड की व्यवस्था विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इसके लिए 750 नए पदों पर भर्ती किए जाने की घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा से संबंधित पोस्टर का विमोचन भी हुआ। कार्यक्रम में पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विषय प्रमुखता से सामने आए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak