पुलिस के अनुसार दिलीप भूमिया उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम मुड़ारी इंद्राना अपने जीजा सुनील भूमिया से मिलने उनके घर आया था। जहां पर रुकने के बाद रात 12 बजे अपनी मोटरसाइकल से घर जाने के लिए निकला, जब वह ग्राम चौपड़ा में मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। इस दौरान पीछे से आए भारी वाहन ने टक्कर मार दी। भारी वाहन की टक्कर लगते ही दिलीप सामने की ओर गिरा, जिसे भारी वाहन रौंदते हुए निकल गया, हादसे में दिलीप के शरीर पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई। आज सुबह 7.30 बजे के लगभग सुनील ने दिलीप के बारे में पता करने के लिए फोन किया तो पुलिस कर्मी ने फोन उठाकर बताया कि दिलीप रोड किनारे एक युवक मोटरसाइकिल के साथ गंभीर घायल अवस्था में पड़ा मिला है। डायल 112 टीम तुरंत उसे इलाज के लिए शासकीय अस्पताल मझौली ले जा रही है। सूचना मिलते ही परिजनों सहित सुनील अस्पताल पहुंच गया, जहां पर डाक्टरों ने दिलीप को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर वाहन चालक की तलाश शुरु कर दी है।