khabar abhi tak

कूनो में चीता शावक को गोली मारने का शक, पेट में मिले धातु के छर्रे; गंभीर हालत में जबलपुर शिफ्ट

 

विशेष बाघ सुरक्षा बल ने शुरू की जांच; वन विभाग की आधिकारिक जानकारी का इंतजार

श्योपुर/जबलपुर। कूनो नेशनल पार्क के 19 माह के नर चीता शावक के गोली लगने से घायल होने का मामला सामने आया है। शावक के पेट में धातु के छर्रे मिलने की जानकारी के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए जबलपुर लाया गया है। आरटीआई एक्टिविस्ट अजय दुबे ने उसकी हालत बेहद गंभीर बताई है। हालांकि, शावक की मौजूदा स्थिति को लेकर वन विभाग और उपचार कर रही चिकित्सकीय टीम की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

मादा चीता निरवा का शावक मिला घायल

घायल शावक मादा चीता निरवा का 19 माह का नर शावक है। जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर की शाम निगरानी दल ने उसे श्योपुर जिले की सीमा से लगे मुरैना वन मंडल क्षेत्र में घायल अवस्था में देखा था। वन विभाग ने इस संबंध में प्रेस नोट भी जारी किया था। इसके बाद शावक का रेस्क्यू कर कूनो नेशनल पार्क लाया गया, जहां प्राथमिक जांच और उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेजा गया।

पेट में मिले 3 से 4 धातु के टुकड़े

शावक के पेट में तीन से चार धातु के टुकड़े मिलने की जानकारी सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि उसे किसी देसी हथियार से गोली मारी गई होगी। हालांकि, चोट लगने के वास्तविक कारण और इस्तेमाल किए गए हथियार की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले की जांच के लिए विशेष बाघ सुरक्षा बल को संबंधित क्षेत्र में भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है।

रेडियो कॉलर लगे शावक के घायल मिलने से सुरक्षा पर सवाल

कूनो नेशनल पार्क में चीतों की निगरानी और संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में रेडियो कॉलर लगे शावक के घायल मिलने और उसके पेट में धातु के छर्रे पाए जाने की खबर ने निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब शावक की जान बचाने के साथ यह पता लगाना भी चुनौती है कि वह किन परिस्थितियों में घायल हुआ और संबंधित क्षेत्र में शिकार की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं हो सका।

दावा- हालत बेहद गंभीर

आरटीआई एक्टिविस्ट अजय दुबे ने शावक की हालत बेहद गंभीर बताई है। उनका दावा है कि जिस क्षेत्र में यह घटना हुई, वहां पहले भी शिकारियों ने तेंदुए का शिकार किया था। दुबे ने क्षेत्र में शिकारियों की गतिविधियां जारी रहने की आशंका जताते हुए वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कूनो प्रबंधन पर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा नहीं करने का आरोप भी लगाया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

कूनो डायरेक्टर बोले- जरूरत पड़ी तो जारी करेंगे प्रेस नोट

मामले में सीसीएफ एवं कूनो नेशनल पार्क के डायरेक्टर उत्तम शर्मा से अजय दुबे के दावों के संबंध में सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि यदि कोई जानकारी देनी होगी, तो प्रेस नोट जारी किया जाएगा।

वहीं, जबलपुर में शावक के उपचार से जुड़ी पशु चिकित्सक डॉ. शोभा जावरे ने बताया कि वह उस समय ऑपरेशन थिएटर में थीं, इसलिए तत्काल जानकारी नहीं दे सकती थीं। अब शावक की वास्तविक चिकित्सकीय स्थिति और घटना के कारणों को लेकर वन विभाग तथा उपचार कर रही टीम के आधिकारिक अपडेट का इंतजार है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak