जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में रीवा से रामपुर नैकिन के बीच जल्द यात्री ट्रेन का संचालन शुरू होने की उम्मीद है। रेलवे ने इसके लिए तैयारियां तेज कर दी है। पश्चिम मध्य रेलवे के जीएम दिलीप सिंह गुरुवार 8 अक्टूबर) को सतना से देवेंद्रनगर रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करने पहुंच रहे हैं। संभावना है कि वे रीवा से रामपुर नैकिन के बीच तैयार ट्रैक का भी निरीक्षण कर सकते हैं। हालांकि उनके इस निरीक्षण को लेकर अभी अधिकृत सूचना जारी नहीं हुई है। निरीक्षण के बाद रेलवे ट्रेन संचालन को हरी झंडी दे सकता है।
ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना का हिस्सा है ये रेल लाइन
ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना के तहत रीवा से सीधी के बीच रेलवे ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। चुरहट तक ट्रैक का काम पूरा हो चुका है, जबकि चुरहट से आगे सीधी तक निर्माण कार्य जारी है। इस हिस्से का काम वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रीवा जिले में सिलपरा और गोविंदगढ़ में दो अतिरिक्त रेलवे स्टेशनों का निर्माण भी कराया गया है। निर्माण पूरा होने के बाद ये स्टेशन करीब एक साल से अधिक समय से उपयोग के इंतजार में हैं। अब रेलवे रीवा से रामपुर नैकिन तक यात्री ट्रेन चलाने की तैयारी में है। इसके लिए रेलवे स्टेशनों और ट्रैक पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही है। स्टेशनों पर ट्रैक की सफाई कर चूना लगाया गया है। रेलवे की तैयारियों को देखते हुए माना जा रहा है कि निरीक्षण के बाद ट्रेन संचालन को मंजूरी मिल सकती है। ट्रेन शुरू होने से रीवा और सीधी जिले के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
सीधी में स्टेशन भवन का निर्माण जारी
सीधी तक रेलवे ट्रैक बिछाया जा चुका है, लेकिन स्टेशन भवन का निर्माण अभी जारी है। ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना के इस हिस्से को वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। स्टेशन का निर्माण पूरा होने के बाद ट्रेनों का विस्तार सीधी तक किया जा सकेगा। वर्तमान में निर्माण कार्य को पूरा होने में करीब दो वर्ष का समय लगने की उम्मीद है।
