बदहाल सड़कों और टैक्स वसूली पर कांग्रेस का हमला, विधायक लखन घनघोरिया प्रदर्शन में हुए शामिल
जबलपुर। शहर की बदहाल सड़कों, डोर.टू.डोर कचरा व्यवस्था में अव्यवस्थाओं, अधूरे निर्माण कार्यों और नगर निगम की कार्यप्रणाली के विरोध में कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा के नेतृत्व में नगर निगम का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया भी शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेता नकली नोटों की माला पहनकर नगर निगम पहुंचे और महापौर के नाम नोटों की माला सौंपकर निगम के बजट और विकास कार्यों पर सवाल उठाए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम एक ओर जनता से टैक्स वसूलने में सख्ती दिखा रहा है और एक दिन की देरी पर भी दोगुना जुर्माना लगा रहा है, वहीं दूसरी ओर शहर की सड़कें बदहाल हैं। कचरा प्रबंधन व्यवस्था ठीक नहीं है और कई निर्माण कार्य लंबे समय से अटके हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने राइट टाउन, नेपियर टाउन और गोल बाजार में लीज संबंधी फाइलें महीनों तक लंबित रहने तथा मनमोहन पार्क में कथित अवैध कब्जे का मुद्दा भी उठाया।
कांग्रेस ने कमिश्नर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के निराकरण की मांग की। इस दौरान महेश पटेल ने भी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता से हर स्तर पर टैक्स वसूला जा रहा हैए। लेकिन स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नवरात्रि के बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो नगर निगम, महापौर, एमआईसी और संबंधित अधिकारियों के कार्यालयों में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन उग्र आंदोलन किया जाएगा।
