जबलपुर। दिल्ली जाना अब आसान नहीं रहा। दिल्ली आंदोलन को देखते हुए रेल प्रशासन ने देश भर से दिल्ली जाने वाली 92 यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसमें जबलपुर से नई दिल्ली जाने वाली तीन ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे दावा कर रही है कि ट्रैफिक दबाव को देखते हुए लिया निर्णय लिया गया है।
पश्चिम मध्य रेलवे के मुताबिक यात्रियों को असुविधा से बचाने के उद्देश्य से नई दिल्ली एवं हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास 10 अक्टूबर को संभावित अत्यधिक यातायात दबाव को देखते हुए रेलवे द्वारा तीन ट्रेनों को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। श्रीधाम एक्सप्रेस को पहले ही रद्द किया जा चुका है।
इस निर्णय के अंतर्गत पश्चिम मध्य रेल से प्रारंभ होने वाली तीन ट्रेनें 09 अक्टूबर को एक दिन के लिए निरस्त रहेंगी।.
- गाड़ी संख्या 22181 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस
- गाड़ी संख्या 12189 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन महाकौशल सुपरफास्ट एक्सप्रेस
- गाड़ी संख्या 12121 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एमपी संपर्कक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस
आकस्मिक यात्रा करने वाले फंसे मुसीबत में
जबलपुर से दिल्ली की आकस्मिक यात्रा करने वाले लोग दिल्ली आंदोलन की वजह से मुसीबत में फंस गए हैं। दिल्ली तक सीधी कनेक्टिीविटी नहीं है। ऐसे में गंभीर मरीज इलाज के लिए दिल्ली सीधे नहीं जा सकते हैं। मौजूदा स्थिति में दिल्ली में कई लोगों के फंसे होने की खबर मिली है।
