जबलपुर. शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) जबलपुर ने इटारसी-जबलपुर के बीच एक यात्री का कीमती एप्पल फोन चोरी करने वाले वेंडर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 71600 रुपये का फोन जब्त किया गया है। वेंडर ने ये चोरी लगभग 5 माह पूर्व की थी.
जीआरपी के मुताबिक जबलपुर थाना में दर्ज अपराध में संदेही आलोक दोहरे पिता प्रेमनारायण दोहरे, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम पीला झंडा, थाना मेहगांव, जिला भिण्ड (म.प्र.), से पूछताछ के दौरान आरोपी ने लगभग 5 माह पूर्व इटारसी से जबलपुर आने वाली ट्रेन में वेंडर का कार्य करते समय जबलपुर स्टेशन पर भीड़भाड़ के दौरान एक व्यक्ति की पेंट की जेब से एप्पल आईफोन-15 चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल में अपनी सिम नंबर लगाकर उपयोग करना बताया। सीडीआर एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा चोरी किया गया मोबाइल पेश किया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी जीआरपी जबलपुर संजीवनी राजपूत, प्रधान आरक्षक कृष्णकांत तिवारी एवं प्र आर ओम प्रकाश बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
