पुलिस को अपनी शिकायत में रजत रजत शर्मा उम्र 28 वर्ष ने बताया कि वह जबलपुर में नूडल्स का कारखाना चलाते हैं। उनका पैतृक घर ग्राम गुरु पिपरिया में है। आज अष्टमी की पूजा और आरती के समय वे अपनी पत्नी के साथ वहां पहुंचे थे। रजत के अनुसार, जब वे घर की दीवार के पास हाथ जोड़कर खड़े थे, तभी उनके बड़े ताऊजी का लड़का और पंचायत सचिव नरेंद्र शर्मा वहां आ धमका। नरेन्द्र ने आते ही आरटीआई लगाने को लेकर परिवार के सामने गाली-गलौज शुरू कर दी, विरोध करने पर हमला कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष से नरेंद्र शर्मा उम्र 38 वर्ष जो कि पंचायत सचिव हैं। उसने बताया कि वे परिवार सहित जबलपुर से गुरु पिपरिया अपने पैतृक घर अष्टमी की पूजा के लिए आए थे। दोपहर 12 बजे के लगभग चाचा का लड़का रजत शर्मा अपनी पत्नी के साथ वहां पहुंचा। जिसने दरवाजे पर खड़ी बड़ी भाभी श्रीमती दिव्यानी शर्मा के बाल पकड़कर घसीट दिया, परिजन कुछ समझ पाते इससे पहले उसने गाली देना शुरु कर दिया। नरेन्द्र ने रोका तो उसपर हमला कर दिया, जिससे नरेन्द्र के गाल, सीने और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों पक्षों के बीच मारपीट होते देख अफरातफरी व चीख पुकार मच गई, शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए, जिन्होने बीच बचाव कर दोनों पक्षों को अलग अलग किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
