पुलिस के अनुसार अहमद नगर गोहलपुर निवासी सोहेल खान उम्र 32 वर्ष अपने साथियों मोहम्मद जहांगीर, रामगोपाल टेकाम और संजय टेकाम के साथ सुहजनी माता मंदिर मेले में दुकान लगाने गया था। जहां से सभी युवक दो मोटर साइकल से घर के लिए निकले, जब वे सुहजनी मोड़ से आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान लोडिंग वाहन के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए रामगोपाल की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार रामगोपाल टेकाम और मोहम्मद जहांगीर बाइक सहित गिरकर घिसटते चले गए, हादसे को देख दोस्तों सहित राह चलते लोगों में चीख पुकार मच गई। दुर्घटना में दोनों के हाथ, पैर, सिर व चेहरे में गंभीर चोटें आई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई थी। खबर मिलते ही पुलिस पहुंच गई और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां पर घायलों की हालत को देखते हुए भरती कर लिया गया। वहीं पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी वाहन चालक की तलाश शुरु कर दी है।
Tags
jabalpur