खबर का असर : बेलबाग थाने में जब्त हुए पांच वाहन
![]() |
| खबर अभी तक में प्रकाशित खबर |
जबलपुर। घमापुर से भानतलैया की ओर लग्जरी वाहनों में स्टंट करने वाले पांच चालकों पर बेलबाग पुलिस ने कार्रवाई की है। ये कार चालक वाहन में अपने साथियों को लटकाए हुए थे। कुछ कारों में युवक खड़े थे तो कुछ में खिड़की से बाहर झूल रहे थे। इस मामले में ' खबर अभी तक ' ने इस घटनाक्रम का वीडियो जारी किया था, जिसे संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है ताकि ऐसे खतरनाक स्टंटबाजी की पुर्नरावृत्ति न हों।
बेलबाग पुलिस ने बताया कि कार चालकों द्वारा तेज गति, लापरवाही एवं खतरनाक ढंग से वाहन चलाने का वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो की तस्दीक थाना बेलबाग पुलिस द्वारा की गई। आसपास की दुकानों से प्राप्त जानकारी एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ में घटनास्थल थाना बेलबाग क्षेत्र का होना पाया जाने से वीडियो में दिखाई दे रहे वाहनों एवं उनके चालकों की तस्दीक करने पर मारूती फ्रांस कार क्रमांक एमपी 20 जेड पी 2660 कार स्वामी अभिजीत जाट निवासी दुर्गा मंदिर तथा कार चालक गौरव उर्फ प्रिंस विश्वकर्मा निवासी बड़ी खेरमाई, मारुति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक एमपी 20 जेड जे 2375 के मालिक श्रीराम जाट निवासी बेलबाग तथा कार चालक पीयूष जाट निवासी कंजर मोहल्ला बेलबाग, काले रंग की थार क्रमांक एमपी 20 जेड एक्स 9124 की स्वामिनी मीनाक्षी जाट निवासी बेलबाग एवं थार चालक सत्यजीत जाट निवासी कंजर मोहल्ला बेलबाग, स्विफ्ट कार क्रमांक एमपी 20 जेड डी 3437 का चालक, फॉर्च्यूनर क्रमांक एमपी 20 सीएफ 2710 के चालक के द्वारा लापरवाही एवं खतरनाक तरीके से चलाना पाये जाने से उपरोक्त वाहन चालकों तथा वाहन मालिकों के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर घटना में प्रयुक्त मारुति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक एमपी 20 जेड जे 2375, थार क्रमांक एमपी 20 जेड एक्स 9124, फ्रांस कार क्रमांक एमपी 20 जेड पी 2660 कार जप्त करते हुये प्रकरण विवेचना में लिया गया है।



