जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के तहत संस्कारधानी में आयोजित होने वाली पदयात्रा में मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हो सकते हैं। पार्टी ने इस बड़े जनसंपर्क में एक लाख लोगों को सड़क पर उतारने का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। केंद्र सरकार के 4 वरिष्ठ मंत्रियों राजनाथ सिंह, भूपेंद्र यादव, पीयूष गोयल और मनसुख मांडविया को राज्य के अलग-अलग शहरों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए इस जन अभियान में भाग लेने वाले हर नागरिक और कार्यकर्ता के लिए डिजिटल माध्यम से अनिवार्य ऑनलाइन पंजीयन की अनोखी व्यवस्था लागू की है।
पार्टी ने पहली बार अनिवार्य किया डिजिटल पंजीकरण
राजनीतिक इतिहास में पहली बार किसी रैली में भाग लेने वालों का पूरा डाटाबेस सुरक्षित रखने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रणाली अपनाई गई है। इस व्यवस्था के तहत शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति की विधिवत प्रविष्टि दर्ज की जा रही है। संगठन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अभियान के तहत होने वाली इन रैलियों में वास्तविक संख्या और शिरकत करने वाले कार्यकर्ताओं का संपूर्ण ब्यौरा पार्टी रिकॉर्ड में रहे। इस आधुनिक व्यवस्था के माध्यम से जमीनी स्तर पर जनता की प्रत्यक्ष सहभागिता का सटीक आंकड़ा जुटाया जा रहा है।
प्रदेश के अन्य शहरों में तय हुआ कार्यक्रम
जबलपुर में यह विशाल पदयात्रा 2 नवंबर को निकाली जाएगी। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी व्यापक तैयारियां की गई हैं। इंदौर में पाटनीपुरा चौराहे से 2 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली जा रही है, जहां पंजीकरण प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है। वहां केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर मोर्चा संभाल रहे हैं। राज्य के विभिन्न प्रमुख केंद्रों पर 1-1 लाख नागरिकों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी सक्रिय हैं।
