भाजपा नेता व आरोपी अमित जैन की पत्नी अमिता बागरी ने पन्ना पुलिस, प्रशासन और गुन्नौर से भाजपा विधायक राजेश वर्मा पर सत्ता का दुरुपयोग करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि देवेंद्रनगर पुलिस ने रायसेन के बाड़ी थाने के पास टोल टैक्स से अमित जैन को जबरन उठाया। पुलिस ने कोर्ट के आदेशों और नियमों की अवहेलना की। घटना के एक महीने बाद अचानक मामले को बढ़ा-चढ़ाकर धारा 307 (हत्या के प्रयास) जैसी गंभीर धारा जोड़ दी गई, जो पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण है। अमिता बागरी ने गुन्नौर से अपनी ही पार्टी के विधायक राजेश वर्मा पर भी गंभीर आरोप लगाए। अमिता ने कहा कि अब मैंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के साथ काम किया है, वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष से भी परिचित हूं। लेकिन, अब वे मेरा फोन ही नहीं उठा रहे हैं।
भाजपा विधायक पर लगाए गंभीर आरोप-
उन्होंने कहा कि राजेश वर्मा विधायक बनने के बाद अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को निशाना बना रहे हैं और फर्जी धाराएं लगवाकर उनका जीवन बर्बाद करने का काम कर रहे हैं। अमीता ने दावा किया कि विधायक पूरे दिन देवेंद्रनगर में बैठकर पुलिस पर दबाव बना रहे थे ताकि अमित जैन पर धारा 307 के तहत कार्रवाई करवाई जा सके।
पुलिस ने आरोप नकारे-
देवेंद्रनगर थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि कार्रवाई उच्च न्यायालय के निर्देशों और कानूनी प्रक्रियाओं के तहत निष्पक्ष हुई है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।