रीवा. एमपी के रीवा के सेमरिया थाना क्षेत्र के चौरा गांव में सोमवार को तालाब में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले थे। वे गांव में पानी की टंकी बनाने के काम के लिए आए थे।
जानकारी के मुताबिक, चार मजदूर नहाने के लिए तालाब में गए थे। इनमें से दो लोग कपड़े धो रहे थे, जबकि शादाब खान और नदीम खान पानी में उतरे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। हादसे में बाकी दो मजदूर बच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सेमरिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने बताया कि चौरा गांव के तालाब में डूबने से दो युवकों की मौत हुई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
