जबलपुर. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर आज पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर मंडल द्वारा जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह एवं मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर कमल कुमार तलरेजा सहित वरिष्ठ रेल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों ने सहभागिता की।कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ लेकर रेल परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा स्वच्छ और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। शपथ के उपरांत अधिकारियों ने हस्ताक्षर कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसके साथ ही सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों एवं सुपरवाइजरों को महाप्रबंधक द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। साथ ही अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों को पौधे वितरित कर अधिकाधिक पौधरोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर रेलवे प्रशासन ने स्वच्छता अभियान को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। निर्धारित सघन अभियान के बाद भी आगामी एक वर्ष तक स्वच्छता गतिविधियों को जारी रखने की योजना है। इसके अंतर्गत सफाई कर्मियों को चार श्रेणियों में विभाजित कर प्रत्येक माह उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही क्लीनिंग टारगेट यूनिट (सीटीयू) के अंतर्गत चिह्नित गंदे स्थानों की सफाई के साथ उनका सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। रेल प्रशासन ने यात्रियों एवं आमजन से रेल परिसर में गंदगी न फैलाने, कचरा निर्धारित कूड़ेदान में डालने तथा स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता एकनाथ मोहकर, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर शैलेंद्र कुमार रावत, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक, जबलपुर के अपर मंडल रेल प्रबंधक अभय कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) राहुल जयपुरियार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अनुराग पांडे, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वरुण चतुर्वेदी सहित पश्चिम मध्य रेल एवं जबलपुर मंडल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

