मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी वंदना पति शिव प्रकाश बौद्ध के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ ट्रेन की बी-4 बोगी में मुंबई के कल्याण से प्रयागराज की यात्रा कर रही थी। आज दोपहर करीब 11.30 बजे जब कामायनी एक्सप्रेस दमोह रेलवे स्टेशन पहुंची, तो वंदना के पति शिव प्रकाश बौद्ध ने घबराहट में रेलवे स्टाफ को सूचना दी कि उनकी पत्नी अचेत अवस्था में हैं। सूचना मिलते ही रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया और तुरंत डॉक्टर की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची। हालांकि, डॉक्टरों ने बारीकी से जांच करने के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
पति को नहीं हुआ डॉक्टरों की बात पर यकीन-
हैरानी की बात यह रही कि पति शिव प्रकाश को डॉक्टरों के निधन की पुष्टि पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं हुआ। उनका कहना था कि वे अपनी पत्नी का इलाज प्रयागराज में ही करवाएंगे और वहीं डॉक्टरों की तस्दीक के बाद ही वह किसी नतीजे पर पहुंचेंगे। पति अपनी जिद पर अड़ा रहा और पत्नी के शव को ट्रेन में ही अपने साथ लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हो गया। पुलिस ने पति शिव प्रकाश बौद्ध से इस संबंध में एक लिखित आवेदन ले लिया है, जिसके बाद शव को ट्रेन से ही प्रयागराज के लिए रवाना कर दिया गया है। इस दुखद घटना से ट्रेन में यात्रा कर रहे अन्य यात्री भी सन्न रह गए।
Tags
damoh