जबलपुर। गोहलपुर थानान्तर्गत गाजी नगर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रुपए न दिए जाने पर बदमाशों ने जुनैद नामक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे जुनैद के शरीर पर गंभीर चोटें आई। हमला होते देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई, इस बीच कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए जुनैद को बचाकर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर समीर की हालत को देखते हुए मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बताया गया है कि घोड़ा बग्घी का काम करने वाला समीर अली 22 वर्ष निवासी गाजीनगर दस नल बीती रात अपने मौसा जुनेद अंसारी उर्फ मामू और दोस्त अशरफ अंसारी के साथ मंगन होटल के पास खड़ा था। इस दौरान शातिर बदमाश रहीश, सरवर, राजा और हसीब हकला पहुंच गए, जिन्होने समीर को देखते ही गाली गलौज शुरु कर दी। समीर द्वारा विरोध किए जाने पर रुपयों की मांग करते हुए सभी ने मिलकर लाठियों से जुनैद पर हमला कर दिया। हमले से डरकर भागा तो चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे जुनैद के सिर, माथे, पीठ और हाथों-पैरों पर गंभीर चोटें आई। हमला होते देख आसपास के लोगों में चीख पुकार मच गई, इस बीच समीर और उसके दोस्त अशरफ ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी देते हुए खदेड़ दिया। कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई तो हमलाव भाग निकले। घायल जुनैद पर हमले की खबर मिलते ही परिजन पहुंच गए और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर जुनैद की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है। पुलिस की टीमें आरोपियों को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।