khabar abhi tak

सागर जैसे शराब कांड के इंतजार में है सिहोरा पुलिस!



ग्रामीण महिलाओं ने सिहोरा थाने का किया घेराव

​जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत छपरा की महिलाओं और ग्रामीणों ने अवैध कच्ची महुआ शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए शुक्रवार को सड़कों पर उतरकर थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सागर कुडारी कांड जैसी बड़ी दुर्घटना होने से पूर्व आबकारी अमले और स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बेखौफ चल रहे मदिरा विक्रय से सामाजिक माहौल दूषित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि अवैध धंधे पर त्वरित रोक लगाकर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे चक्काजाम कर व्यापक जन आंदोलन शुरू करेंगे। छपरा सहित नजदीकी गांवों में खुलेआम चल रहे अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार से युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। घरों में कलह, आर्थिक तंगी और घरेलू हिंसा की बढ़ती घटनाओं से त्रस्त होकर महिलाओं को आखिरकार थाने के मुख्य द्वार तक मोर्चा खोलना पड़ा। ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष स्पष्ट किया कि अवैध मदिरा विक्रय की लगातार शिकायतें देने के बाद भी संबंधित विभाग द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया, जिससे कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।

​कार्रवाई न होने पर चक्काजाम करेगा समूचा गांव

​क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित होने अथवा कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में ग्रामीणों ने सीधे तौर पर पुलिस और आबकारी महकमे की जवाबदेही तय करने की मांग रखी है। प्रदर्शन के दौरान मौजूद थाना अधिकारियों ने उत्तेजित ग्रामीणों और महिलाओं को शांत कराया तथा उनकी शिकायतों का ज्ञापन प्राप्त किया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि ग्राम पंचायत छपरा के चिन्हित संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस बल की विशेष टीमें शीघ्र दबिश देकर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak