पुलिस के अनुसार करिया पाथर निवासी सूर्यकांत वंशकार उम्र 25 वर्ष मजदूरी करता है। बीती रात 11 बजे के लगभग वह शराब खरीदने के लिए धर्मशाला के पास गया, जहां पर उसे शराब नहीं मिली, इस बीच परिचित युवक अन्नू चौधरी व विक्की मिल गए। वे भी यहां पर शराब लेने आए थे। इसके बाद तीनों शराब खरीदने के लिए बल्दीकोरी की दफाई में मन्ना की दुकान पहुंच गए, यहां पर सूर्यकांत ने शराब खरीदी और अपने घर जाने लगा, तभी अन्नू ने यह कहते हुए रोक लिया कि यही पर बैठकर शराब पियेगे, सूर्यकांत के मना करने पर दोनों युवक भड़क गए और अन्नू ने चाकू निकालकर सूर्यकांत पर ताबड़तोड़ वार किए, हमले में सूर्यकांत की आंख के पास, पेट व कंधे में गंभीर चोटें आई। इसके बाद भी सूर्यकांत अपने घर की ओर भागा लेकिन रास्ते में ही चक्कर खाकर गिर गया, घटना की खबर मिलते ही परिजन व आसपास के लोग पहुंच गए, जिन्होने सूर्यकांत को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर सूर्यकांत की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया। मेडिकल में सूर्यकांत की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। वहीं घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए थे, जिन्होने पूछताछ के बाद हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है।