जबलपुर। मंडला से लोहे की सरिया लोड करके जबलपुर आ रहा ट्रक आज बरेला के आगे उदयपुर बीजाडांडी रोड पर अनियंत्रित होकर पलट गया, हादसे में चालक व परिचालक को मामूली चोटें आई है। हादसा ड्राइवर को नींद का झोंका आने के कारण हुआ है।
पुलिस के अनुसार मंडला से लोहे की सरिया लोड करके ट्रक चालक जबलपुर के लिए रवाना हुआ। आज सुबह जब चालक उदयपुर से बरेला की ओर बढ़ रहा था, इस दौरान चालक को नींद का झोंका आया और वह ट्रक से अपना संतुलन खो बैठा। जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, ट्रक पलटते देख राह चलते लोगों में चीख पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गए, जिन्होने चालक व परिचालक को ट्रक से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। घटना के बाद जबलपुर-मंडला रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे, दोनों ओर वाहनों की लाइन लगी रही। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को उठवाया, इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरु हो सकी। पुलिस का कहना है कि गनीमत रही कि ट्रक पलटने के दौरान कोई दूसरा वाहन उसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।