जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल द्वारा पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स की सुविधा के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) बनाने और निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से पेंशनर्स को एक ही स्थान पर दोनों सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसी क्रम में 31 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय चिकित्सालय, जबलपुर के सभागार में 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। इसमें डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी।
वहीं, 2 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक मेगा कैंप आयोजित किए जाएंगे। ये शिविर उमंग सामुदायिक भवन के साथ मंडल के सात प्रमुख स्टेशनों सतना, कटनी, दमोह, सागर, नरसिंहपुर, पिपरिया और ब्यौहारी में लगाए जाएंगे। शिविर कार्यदिवसों में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे।
पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स मंडल कार्यालय जबलपुर, कटनी और सतना के समाधान केंद्रों के अलावा नरसिंहपुर, ब्यौहारी, दमोह, सागर और पिपरिया के स्टेशन अधीक्षक कार्यालयों में पहुंचकर इन सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए निर्धारित अवधि में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।
पश्चिम मध्य रेल की इस पहल का उद्देश्य पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को आसान बनाना और उन्हें निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है। रेलवे प्रशासन ने पेंशनर्स की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सेवाओं को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने की दिशा में यह कदम उठाया है।
