जबलपुर। देश में निष्पक्ष चुनाव प्रणाली, संविधान और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए विपक्षी एकजुटता के साथ 7 अक्टूबर को जबलपुर में वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च निकाला जाएगा। इस विशाल प्रदर्शन की रूपरेखा तय करने हेतु रविवार को रसल चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस मंथन में राष्ट्रीय जनता दल, समाजवादी पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, राष्ट्रीय समानता दल, संयुक्त संघर्ष समिति तथा जमाअत-ए-इस्लामी के प्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उन पर कानूनी मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग पर जोर दिया गया।
गांधी प्रतिमा से शुरू होकर मालवीय चौक पहुंचेगा मार्च
तय योजना के मुताबिक यह शांतिपूर्ण पैदल मार्च टाउन हॉल स्थित राष्ट्रपिता की प्रतिमा से शुरू होगा। इसके बाद शहर के प्रमुख रास्तों से गुजरते हुए मालवीय चौक पर पहुंचेगा। मार्ग के अंतिम पड़ाव पर एक विशाल जनसभा होगी, जहां विभिन्न राजनीतिक पार्टियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि जनता के सामने अपनी बात रखेंगे। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी दलों ने शहर भर में व्यापक संपर्क अभियान चलाने का साझा फैसला किया है।
