जबलपुर। शहर में अवैध रूप से बिकने वाली शराब पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार की दम्यानी रात तीन जगहों पर छापे मारकर पांच लाख से अधिक कीमत की शराब जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रांझी नगर पुलिस अधीक्षक सतीश कुमार साहू ने बताया कि गत रात पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रवि उर्फ बल्लू पटवा गांधी व्यायाम शाला शिव मंदिर के पास महेश यादव का कच्चे मकान एवं अपने घर के बाजू से माया चौबे के घर के ऊपर एवं हेरी सवास्टीन के मकान को किराये से लेकर भारी मात्रा में कहीं से शराब लाकर बेचने के लिये रखे है। सूचना पर 3 टीम गठित कर मुखबिर के बताये हुये तीनों स्थानों पर दबिश दी। एक टीम को संदेही महेश यादव अपने घर में उपस्थित मिला। तलाशी लेने पर कमरे के अंदर 47 नग कार्टून पेटी में देशी-अंग्रेजी शराब रखीं मिली। पूछताछ में देशी-अंग्रेजी शराब रवि उर्फ बल्लू पटवा की होना बताया।
इसी प्रकार दूसरी टीम ने गांधी व्यायाम शाला में माया चौबे के मकान के उपर वाला कमरा खोलकर चौक किया, जिसमें कमरे के अंदर 40 कार्टून पेटी में देशी शराब रखी मिली। मकान मालिक माया चौबे ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में रहने वाले रवि उर्फ बल्लू पटवा ने उससे उसके घर के उपर का कमरा किराये से लिया है। तीसरी टीम ने हेरी सवास्टीन के मकान में दबिश दी। मकान में जॉनी एंथोनी मिला। पूछताछ पर बहन सवास्टीन का बाहर रहना तथा उक्त मकान को बल्लू पटवा को किराये से देना बताया। मकान में बने रैक पर 14 कार्टून देशी शराब मिली। पुलिस ने आरोपी महेश यादव, जोनी एंथोनी एवं रवि उर्फ बल्लू पटवा के विरूद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की।
