जबलपुर। नगर निगम में अपर आयुक्त द्वारा जारी तबादला आदेश प्रशासनिक हलकों में जबरदस्त चर्चा का विषय बन गया है। इस व्यवस्था के तहत संभाग क्रमांक 1 के प्रभारी राजस्व निरीक्षक इजराईल खान को संभाग क्रमांक 6 में भेजा गया है, जबकि मुख्यालय में पदस्थ कैशियर मधुलिका चौधरी को संभाग क्रमांक 5 में प्रभारी राजस्व निरीक्षक बनाया गया है। इस फेरबदल की सबसे बड़ी खामी यह सामने आई है कि संभाग क्रमांक 5 में पहले से पदस्थ प्रभारी राजस्व निरीक्षक कोर्णाक रावत और संभाग क्रमांक 6 में कार्यरत अरविंद श्रीवास्तव के संबंध में कोई नया निर्देश नहीं दिया गया। नतीजा यह हुआ कि 2 संभागों में 2-2 निरीक्षक हो गए और संभाग क्रमांक 1 पूरी तरह खाली रह गया।
पुराने अफसरों पर चुप्पी से गहराया भारी संशय
आदेश की प्रति सामने आने के बाद संभागीय दफ्तरों से लेकर मुख्यालय तक असमंजस का माहौल बना हुआ है। आदेश में इस बात का कोई उल्लेख नहीं है कि पहले से पदस्थ कोर्णाक रावत और अरविंद श्रीवास्तव को हटाया गया है या वे अपने पद पर बने रहेंगे। इस अस्पष्टता के चलते दोनों संभागों में पदभार और कार्य विभाजन को लेकर अजीब स्थिति खड़ी हो गई है। नगर निगम के जानकारों का कहना है कि पूर्व से कार्यरत अधिकारियों की स्थिति स्पष्ट किए बिना नए लोगों की पदस्थापना करना सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
एक संभाग खाली होने से जनता परेशान
संभाग क्रमांक 1 से इजराईल खान का तबादला तो कर दिया गया, लेकिन उनकी जगह किसी अन्य अधिकारी की नियुक्ति का आदेश जारी नहीं हुआ। इस वजह से यह पूरा संभाग अब बिना राजस्व निरीक्षक के संचालित हो रहा है। राजस्व, टैक्स और नामांतरण से जुड़े दैनिक कार्यों के लिए दफ्तर पहुंचने वाले आम नागरिकों को अब भटकना पड़ रहा है। जब तक उच्च स्तर से इस विसंगति को सुधारने के लिए नया संशोधन आदेश जारी नहीं होता, तब तक इन तीनों संभागों में राजस्व संबंधी कार्य बुरी तरह प्रभावित रहेंगे।
