जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के कोटा मंडल के अंतर्गत कोटा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और कोटा शहर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को निशाना बनाकर की गई कथित फायरिंग के मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें दो युवक और एक नाबालिग शामिल हैं। तीनों को गाड़ी संख्या 12939 पुणे–जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच से पकड़ा गया।
मुंबई पुलिस एवं संबंधित जांच एजेंसियों से प्राप्त तकनीकी सूचना और खुफिया जानकारी के आधार पर आरपीएफ कोटा मंडल तथा कोटा शहर पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। संदिग्धों के विदेश भागने की आशंका के मद्देनजर संयुक्त टीम ने कोटा रेलवे स्टेशन पर ही उन्हें ट्रेन से आगे रवाना होने से पहले हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित सूचना आदान-प्रदान का उदाहरण है।
हिरासत में लिए गए संदिग्धों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान उर्फ सुक्का (18 वर्ष) तथा बिहार निवासी ऋत्विक कुर्मी उर्फ रोशन फाइटर (22 वर्ष), जो वर्तमान में मुंबई के अंधेरी वेस्ट में रह रहा है, के रूप में हुई है। तीसरे संदिग्ध के नाबालिग होने के कारण उसकी पहचान कानूनी प्रावधानों के अनुरूप गोपनीय रखी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक, कोटा शहर, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ कोटा तथा संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में की गई। संयुक्त टीम में आरपीएफ भीमगंजमंडी एवं रेलवे कॉलोनी के निरीक्षकों और उनकी टीमों के साथ डिटेक्शन स्क्वॉड कोटा तथा आरपीएफ कोटा के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
प्रारंभिक पूछताछ के बाद मुंबई पुलिस एवं संबंधित जांच एजेंसियों को सूचित कर दिया गया है। मामले में संदिग्धों की कथित संलिप्तता की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है। पश्चिम मध्य रेल के कोटा मंडल में आरपीएफ की इस कार्रवाई से रेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करने की प्रतिबद्धता प्रदर्शित होती है।
