khabar abhi tak

जबलपुर में 38वीं अखिल भारतीय रेलवे शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ, 16 रेलवे टीमें ले रही हैं भाग

जबलपुर। भारतीय रेल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं खिलाडिय़ों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 38वीं अखिल भारतीय रेलवे शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ 05 अक्टूबर 2026 को रेलवे स्टेडियम, जबलपुर में मुख्य अतिथि पश्चिम मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता एकनाथ मोहकर द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेल खेलकूद संघ के अध्यक्ष मनोज गुरुमुखी, महासचिव ज्ञान प्रकाश शिव नारायण, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस. डी. पाटीदार, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त राजीव कुमार यादव, अपर मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर सहित मुख्यालय एवं मंडलों के वरिष्ठ अधिकारी, रेलकर्मी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि श्री एकनाथ मोहकर ने शतरंज की पहली चाल चलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया तथा सभी प्रतिभागी खिलाडिय़ों एवं टीमों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्य अतिथि श्री मोहकर ने कहा कि शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि एकाग्रता, धैर्य, रणनीतिक सोच और सही समय पर निर्णय लेने की क्षमता का उत्कृष्ट माध्यम है। भारतीय रेल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाडिय़ों से खेल भावना एवं अनुशासन के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

पश्चिम मध्य रेल खेलकूद संघ के अध्यक्ष श्री गुरुमुखी ने प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी रेलवे टीमों का स्वागत करते हुए कहा कि पश्चिम मध्य रेल में खेल गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। ऐसी अखिल भारतीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी से खिलाडिय़ों को देशभर के श्रेष्ठ खिलाडिय़ों के साथ प्रतिस्पर्धा करने तथा अपनी प्रतिभा को और निखारने का अवसर मिलता है।

पश्चिम मध्य रेल खेलकूद संघ, जबलपुर द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 05 से 11 अक्टूबर 2026 तक रेलवे स्टेडियम, जबलपुर में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में दक्षिण पूर्व रेलवे, पूर्व रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, दक्षिण तटीय रेलवे, मेट्रो रेलवे, दक्षिण पश्चिम रेलवे, पश्चिम रेलवे, पश्चिम मध्य रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे, उत्तर रेलवे, रेल कोच फैक्ट्री, दक्षिण रेलवे, मध्य रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, रेल व्हील फैक्ट्री एवं बनारस लोकोमोटिव वर्क्स की कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं।

प्रतियोगिता में विभिन्न रेलवे के प्रतिभावान खिलाड़ी शतरंज की बिसात पर अपनी रणनीतिक सोच, एकाग्रता, धैर्य, अनुशासन एवं खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न रेलवे टीमों के बीच होने वाले रोमांचक मुकाबले खेलप्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पश्चिम मध्य रेल खेलकूद संघ द्वारा प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए खिलाडिय़ों एवं टीमों हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से रेलवे के खिलाडिय़ों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त होगा तथा उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढऩे का अवसर मिलेगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak