जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री अरविंद कुमार रजक के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शशांक गुप्ता की रणनीति के तहत कटनी स्टेशन पर विशेष किलाबंदी टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने के साथ-साथ यात्रियों को नियमों के अनुरूप बेहतर एवं व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
सुबह 08 बजे से प्रारंभ हुए इस विशेष अभियान में जबलपुर, भोपाल एवं कोटा मंडल के कुल 34 टिकट जांच कर्मचारियों द्वारा कटनी स्टेशन पर आने-जाने वाली लगभग 20 ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई। ट्रेनों, प्लेटफॉर्म एवं प्रवेश द्वारों पर यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। अभियान के दौरान आरपीएफ एवं जीआरपी के जवानों ने भी सहयोग प्रदान किया।
सघन जांच के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा, बिना बुक लगेज, अनधिकृत वेंडिंग तथा रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने से संबंधित कुल 320 मामलों में 2,15,000 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया तथा यात्रियों को नियमानुसार रसीद जारी की गई। अभियान के दौरान कैटरिंग स्टॉल एवं वेंडरों की भी जांच की गई। रेलवे प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि यात्रियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाएं मिलें तथा रेलवे परिसर में अनियमित गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बना रहे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शशांक गुप्ता के निर्देशानुसार जबलपुर-कटनी- मैहर- सतना रेलखंड सहित पूरे जबलपुर मंडल में सघन टिकट जांच अभियान निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक श्री संदीप श्रोती को कटनी स्टेशन पर विशेष रूप से तैनात किया गया, जिन्होंने प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार टिकट जांच दलों का समन्वय एवं तैनाती सुनिश्चित की। कटनी के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री रोहित सिंह एवं स्टेशन प्रबंधक श्री संजय दुबे ने बताया कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित एवं सुचारु यात्रा तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से इस प्रकार के सघन टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
