जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र स्थित जमघट होटल के बाहर से देर रात एक युवक की यामाहा आर-15 बाइक चोरी हो गई। हालांकि, पुलिस के भरोसे बैठने के बजाय पीड़ित युवक और उसके दोस्तों ने खुद शहर में छानबीन शुरू की और कुछ ही घंटों में चोर को बाइक सहित तीन पत्ती चौक के पास धर दबोचा।
पुलिस के मुताबिक गुप्तेश्वर निवासी विकास विश्वकर्मा देर रात करीब 12 बजे अपने दोस्तों के साथ खाना खाने जमघट होटल गए थे। खाना खाने के बाद जब वे बाहर आए तो होटल के बाहर खड़ी उनकी यामाहा आर-15 बाइक गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब गांड़ी नहीं मिली तो विकास ने तुरंत मदन महल थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद विकास और उनके दोस्त शांत नहीं बैठे। वे खुद अपनी बाइक की तलाश में निकल पड़े। युवकों ने छोटी ओमती, ओमती, बस स्टैंड और आसपास के संवेदनशील इलाकों में लगातार छानबीन की। इसी दौरान तीन पत्ती चौक के पास उन्हें एक संदिग्ध व्यक्ति आर-15 बाइक के साथ दिखाई दिया। विकास और उनके दोस्तों ने बिना वक्त गंवाए संदिग्ध को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया और अपनी बाइक वापस कब्जे में ली। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है।
