khabar abhi tak

रानी कमलापति- अगरतला स्पेशल ट्रेन 22 अक्टूबर से नियमित एक्सप्रेस के रूप में चलेगी, नंबर बदला

जबलपुर। मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए रानी कमलापति-अगरतला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित एक्सप्रेस के रूप में चलाया जाएगा। रेलवे के इस फैसले से मध्य प्रदेश से त्रिपुरा सहित पूर्वोत्तर के राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

अब तक ट्रेन संख्या 01665/01666 के रूप में चल रही यह ट्रेन नई संख्या 11665/11666 से संचालित होगी। ट्रेन संख्या 11665 रानी कमलापति-अगरतला एक्सप्रेस 22 अक्टूबर 2026 से प्रत्येक गुरुवार को रानी कमलापति स्टेशन से रवाना होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 11666 अगरतला-रानी कमलापति एक्सप्रेस 25 अक्टूबर से प्रत्येक रविवार को अगरतला से चलेगी।

जबलपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव

यह ट्रेन मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा को रेल मार्ग से जोड़ेगी। निर्धारित मार्ग पर ट्रेन नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, प्रयागराज छिवकी, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, पटना क्षेत्र, कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, न्यू कूचबिहार, गुवाहाटी, बदरपुर जंक्शन और धर्मनगर सहित प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

ट्रेन के नियमित संचालन से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। इससे पूर्वोत्तर भारत के साथ आवागमन के अलावा पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

22 कोच की होगी ट्रेन

रेलवे ने ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच की संरचना निर्धारित की है। इसमें 8 स्लीपर, 2 सेकेंड एसी, 1 थर्ड एसी इकोनॉमी, 5 थर्ड एसी और 4 सामान्य श्रेणी के कोच होंगे। इनके अलावा 1 एलएलआरडी कोच और 1 जनरेटर कार भी शामिल है।

यात्री ट्रेन की समय-सारणी और सीटों की उपलब्धता की जानकारी एनटीईएस, रेलवन ऐप या भारतीय रेल की आधिकारिक पूछताछ सेवाओं से प्राप्त कर सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak