khabar abhi tak

एमपी में भारी बारिश का अलर्ट, दिवाली से पहले बदलेगा मौसम, रात का पारा 13 डिग्री से नीचे लुढ़का

भोपाल. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने लो प्रेशर के चलते दिवाली से पहले मध्य प्रदेश के मौसम का मिजाज फिर बदलेगा। मौसम केंद्र (आईएमडी) ने 28 अक्टूबर को पूर्वी हिस्से में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक लो प्रेशर एरिया (निम्न दाब क्षेत्र) एक्टिव है, जो आने वाले दिनों में तीव्र होकर डिप डिप्रेशन में बदल जाएगा। इसका असर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इस वजह से 28 अक्टूबर को प्रदेश के आधे हिस्से में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है। शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश के आसार है।

वहीं, ग्वालियर, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गरज-चमक, बूंदाबांदी और बादल छाए रहेंगे। दूसरी ओर, भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और उज्जैन संभाग में मौसम साफ रहेगा। यहां दिन में धूप खिली रहेगी।

रात में बढ़ी सर्दी, कटनी का करौंदी सबसे ठंडा

प्रदेश में बारिश का दौर थमने के बाद रात में ठंडक बढ़ गई है। बीती रात कटनी का करौंदी सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर में 13.4 डिग्री, अमरकंटक में 13.6 डिग्री, दमोह-पचमढ़ी में 14 डिग्री और शाजापुर-बैतूल में 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इधर, दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली है। ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे चल रहा है। अमरकंटक, मलाजखंड, शिवपुरी, बैतूल और पचमढ़ी में पारा 27.4 डिग्री से 29.4 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया।

माह के आखिरी सप्ताह में बारिश-ठंड दोनों का असर

मौसम विभाग के अनुसार, अक्टूबर के आखिरी सप्ताह भी पानी गिरेगा। नए सिस्टम की वजह से उत्तर-पश्चिमी हिस्से में असर दिखेगा। वहीं, रात के तापमान में भी गिरावट होगी। यानी, आखिरी सप्ताह में ठंड और बारिश दोनों का असर बना रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak