khabar abhi tak

जबलपुर- मंडल के RPF ने यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता में किए सराहनीय कार्य, नाबालिग बच्चों के संरक्षण, यात्रियों के छूटे सामान की बरामदगी

जबलपुर. रेल मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा 07 सितंबर से 13 सितंबर 2026 के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, नाबालिग बच्चों के संरक्षण तथा यात्रियों के छूटे सामान की बरामदगी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए। इस अवधि में RPF द्वारा विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में सतर्कता बरतते हुए जरूरतमंद यात्रियों को सहायता प्रदान की गई तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

नाबालिग बच्चों का सुरक्षित रेस्क्यू: 07 सितंबर 2026 को 139 से प्राप्त सूचना के आधार पर ट्रेन संख्या 12142 में घर से निकले दो नाबालिग बच्चों को तलाश कर RPF पोस्ट जबलपुर लाया गया। आवश्यक कागजी कार्रवाई एवं चिकित्सकीय परीक्षण के बाद दोनों बच्चों को CWC जबलपुर के निर्देशानुसार शासकीय बाल गृह ‘जागृति’, जबलपुर में सुरक्षित सुपुर्द किया गया। इसी दिन सतना स्टेशन पर निरीक्षक वीरेंद्र कुमार यादव, उपनिरीक्षक दीपक दाहिया एवं प्रधान आरक्षक श्रीराम यादव द्वारा स्टेशन गश्त के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 02 पर चार नाबालिग बच्चे संदिग्ध अवस्था में मिले। पूछताछ एवं आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई के बाद चारों बच्चों को सुरक्षित चाइल्ड लाइन, सतना के सुपुर्द किया गया।

अपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई: 07 सितंबर को RPF/Maihar द्वारा प्लेटफॉर्म नंबर 02 पर संदिग्ध अवस्था में अशोक साकेत उर्फ जहरीला को पकड़ा गया। ICJS/GRP सत्यापन में विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में उसकी संलिप्तता पाई गई। RPF कर्मियों CT रामानुज एवं CT भागूराम की कार्रवाई के बाद उक्त व्यक्ति को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु GRP/Maihar के सुपुर्द किया गया, जहां संबंधित धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया।

यात्री का छूटा ट्रॉली बैग लौटाया: 08 सितंबर को सतना में मेमो ट्रेन की सफाई के दौरान C&W स्टाफ की सूचना पर आरक्षक चेतराम द्वारा काले रंग का ट्रॉली बैग RPF पोस्ट पर जमा कराया गया। बैग में मिले दस्तावेजों के आधार पर महिला यात्री उमा राय से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि 06 सितंबर को ट्रेन संख्या 11271 में उनका ट्रॉली बैग रतलाम स्टेशन पर छूट गया था। पहचान के बाद बैग को शेष सामान सहित महिला यात्री को सुरक्षित सुपुर्द किया गया।

लावारिस बैग से ₹13,000 का सामान बरामद: 09 सितंबर को 139 शिकायत के संबंध में ट्रेन संख्या 22364 के कटनी आगमन पर कोचिंग डिपो में जांच के दौरान जनरल कोच की सीट पर लावारिस काले रंग का पिट्ठू बैग बरामद किया गया। सत्यापन के बाद बैग में मोबाइल, दो चार्जर एवं अन्य सामान, जिसकी अनुमानित कीमत ₹13,000 थी, सुरक्षित पाया गया और आवश्यक सत्यापन के बाद यात्री को गवाहों के समक्ष सुपुर्द किया गया।

यात्री का मोबाइल फोन बरामद कर लौटाया: 10 सितंबर को यात्री श्री शशिकांत बाजपेयी द्वारा RPF पोस्ट जबलपुर पर मोबाइल गुम होने की सूचना दी गई। उपनिरीक्षक राजकुमार चंदेल द्वारा कोचिंग डिपो में संबंधित कोच की बर्थ की जांच की गई, जहां मोबाइल बरामद कर यात्री की पहचान एवं संतुष्टि के बाद उन्हें सुरक्षित सुपुर्द किया गया।

नाबालिग बालक एवं बालिका को परिजनों से मिलाया: 10 सितंबर को कटनी स्टेशन पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक नाबालिग बालक एवं बालिका को RPF स्टाफ द्वारा समझाइश देकर RPF पोस्ट कटनी लाया गया। आवास संस्था की टीम द्वारा काउंसलिंग के बाद परिजनों को सूचित किया गया और दोनों नाबालिगों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

18 वर्षीय युवती को सुरक्षित संरक्षण में लिया: 11 सितंबर को एम-सूचना कक्ष जबलपुर से प्राप्त सूचना के आधार पर RPF स्टाफ द्वारा जबलपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 01 से घर से निकली 18 वर्षीय युवती सुहानी रावत को तलाश कर संरक्षण में लिया गया। पूछताछ एवं परिजनों से संपर्क के बाद चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया तथा युवती को परिजनों के आने तक संरक्षण के लिए वन स्टॉप सेंटर, जबलपुर को सुरक्षित सुपुर्द किया गया।

चोरी का Vivo Y16 मोबाइल बरामद: 11 सितंबर को विशेष सूचना के आधार पर CIB/Jabalpur द्वारा GRP/Katni के समन्वय से कटनी रेलवे स्टेशन पर चेकिंग की गई। इस दौरान अर्जुन कहार, उम्र 35 वर्ष, निवासी नरसिंहपुर, को चोरी के Vivo Y16 मोबाइल, जिसकी कीमत लगभग ₹6,000 थी, के साथ पकड़ा गया। आरोपी एवं बरामद संपत्ति को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए GRP/Katni के सुपुर्द किया गया।

10 वर्षीय नाबालिग बालक को सुरक्षित सुपुर्द किया: 12 सितंबर को खन्ना बंजारी स्टेशन पर ट्रेन संख्या 11651 से उतरे 10 वर्षीय नाबालिग पवन कुमार महतो, निवासी सीतामढ़ी (बिहार), को लावारिस अवस्था में पाया गया। पूछताछ में बालक ने घर से पिता द्वारा मारपीट के कारण भागकर आने की जानकारी दी। बालक को भोजन-पानी उपलब्ध कराया गया तथा आवास संस्था के प्रतिनिधि श्री मनोज कुमार बासरकर को सुपुर्दगी नामा के माध्यम से सुरक्षित सुपुर्द किया गया।

Apple iPhone 14 बरामद: 12 सितंबर को CIB/RPF/Jabalpur एवं GRP/Katni द्वारा संयुक्त चेकिंग के दौरान झर्रा टिकुरिया, कटनी के पास प्रियंशु चौधरी उर्फ भांजा, उम्र 19 वर्ष, निवासी झर्रा टिकुरिया, कटनी, को चोरी के Apple iPhone 14, जिसकी कीमत ₹57,900 थी, के साथ पकड़ा गया। आरोपी को बरामद मोबाइल सहित अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए GRP/Katni के सुपुर्द किया गया।

चोरी की संपत्ति के साथ किशोर पकड़ा गया: 13 सितंबर को RPF/Sagar द्वारा ट्रेन संख्या 11632 के प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर संदिग्ध अवस्था में एक किशोर को महिला पर्स के साथ पकड़ा गया। पर्स से दो जोड़ी चांदी की पायल, Lava मोबाइल एवं अन्य सामान, जिसकी कुल अनुमानित कीमत ₹18,000 थी, बरामद हुआ। किशोर को बरामद संपत्ति सहित अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए GRP/Sagar के सुपुर्द किया गया तथा संबंधित प्रकरण में विवेचना प्रारंभ की गई।

जबलपुर रेल मंडल यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता को प्राथमिकता देते हुए RPF के माध्यम से स्टेशनों एवं ट्रेनों में लगातार निगरानी और सहायता कार्य सुनिश्चित कर रहा है। यात्रियों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, गुमशुदगी अथवा सुरक्षा संबंधी आवश्यकता की स्थिति में रेलवे के अधिकृत सहायता माध्यमों का उपयोग करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak