जबलपुर। जबलपुर मंडल के वाणिज्य विभाग में पदस्थ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नितेश कुमार सोने को पदोन्नति मिलने पर वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। श्री सोने का पदोन्नति उपरांत स्थानांतरण पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय में उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक/एफएम के पद पर किया गया है। इस अवसर पर जबलपुर मंडल के वाणिज्य विभाग के मुखिया वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता, सहायक वाणिज्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार सिंह, गुन्नार सिंह सहित वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नितेश कुमार सोने को पुष्पगुच्छ भेंटकर शुभकामनाएं दीं।
प्रतिबद्धता को मिला पदोन्नति का सम्मान
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री सोने के कर्तव्यनिष्ठ, समर्पित एवं सकारात्मक कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनके कार्यकाल के दौरान वाणिज्य विभाग में यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने, कार्यों में दक्षता बढ़ाने तथा विभागीय दायित्वों के प्रभावी निर्वहन के प्रति उनके योगदान को विशेष रूप से स्मरण किया गया। नितेश कुमार सोने की पदोन्नति को उनके परिश्रम, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता का सम्मान बताते हुए वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि वे नई जिम्मेदारी में भी अपनी कार्यकुशलता एवं सकारात्मक नेतृत्व से पश्चिम मध्य रेलवे को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। विदाई के अवसर पर श्री सोने ने जबलपुर मंडल में अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग, स्नेह एवं टीम भावना के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी सहयोग एवं आत्मीयता की अपेक्षा व्यक्त की।

