इटारसी. गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) जा रही कुशीनगर एक्सप्रेस के इंजन से अचानक धुआं उठने से रेलवे में हड़कंप मच गया। पमरे के इटारसी स्टेशन से रवाना होने के बाद ट्रेन को नाला मोहल्ला आउटर पर रोक दिया गया। घटना दोपहर करीब 12 बजकर 32 मिनट पर हुई।
जानकारी के अनुसार, इंजन के अंदर एक कनेक्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण धुआं उठने लगा था। स्थिति को देखते हुए लोको पायलट ने सावधानी बरतते हुए ट्रेन को आउटर पर ही रोक दिया। ट्रेन के आउटर पर रुकने के बाद रेलवे के तकनीकी कर्मचारी इंजन की जांच कर रहे हैं। फिलहाल, खराबी को दूर करने की कोशिश जारी है। घटना के कारण ट्रेन के चलने पर कुछ समय के लिए असर पड़ा है।
ट्रेन मेन लाइन पर रुकी रही
यात्री भी तकनीकी टीम की जांच और ट्रेन के दोबारा रवाना होने का इंतजार करते रहे। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं।
