khabar abhi tak

रेलवे भर्ती में फर्जीवाड़ा : दूसरे अभ्यर्थी की जगह दौड़ लगा रहा था बिहार का मुन्ना भाई धराया

रतलाम. एमपी के रेलवे कॉलोनी स्थित फुटबाल खेल मैदान पर चल रही पश्चिम रेलवे की ग्रुप-डी और लेवल-1 की भर्ती प्रक्रिया में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) में दूसरे अभ्यर्थियों की जगह दौड़ लगाने वाले बिहार के मुंगेर जिले के रत्नौल निवासी अजीत कुमार नामक एक मुन्नाभाई को रेलवे स्टाफ ने रंगे हाथ पकडकऱ जीआरपी के हवाले कर दिया है। 

जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ बीएनएस की धारा में केस दर्ज किया है। जीआरपी थाना प्रभारी सोहन पाटीदार ने बताया मामले की शिकायत रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, पश्चिम रेलवे मुंबई के अधिकारी दीपक तिवारी पिता राजेश्वर तिवारी (42) निवासी बदलापुर महाराष्ट्र ने की थी।

यह है पूरा मामला

रतलाम के रेलवे फुटबॉल ग्राउंड पर रेलवे भर्ती बोर्ड की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान 6 सितंबर को की जा रही थी। शाम करीब 6 बजे टाइमिंग टेक्नोलॉजी के जरिए निगरानी कर रहे कर्मचारियों ने देखा कि एक युवक सबसे अंत में परीक्षा देने आया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी की पहचान अजित कुमार कुशवाहा उर्फ अजीत कुमार पिता दिनेश कुमार कुशवाहा (26) निवासी रत्नौल मुंगेर बिहार के रूप में हुई है।

पहले निरंजनऔर अब कुंदन के लिए पहुंचा था

जांच में पता चला कि आरोपी ने इससे पहले 2 सितंबर को भी इसी ग्राउंड में आयोजित परीक्षा में निरंजन कुमार नाम के अभ्यर्थी की जगह पर फर्जी तरीके से दौड़ लगाई थी, लेकिन वह असफल रहा था। वह दोबारा 6 सितंबर को कुंदन कुमार नाम के दूसरे अभ्यर्थी की जगह पर दौड़ लगाने के लिए मैदान में पहुंचा था, इससे पहले ही रेलवे स्टाफ ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे सारे दस्तावेजों के साथ जीआरपी को सौंप दिया।

कैमरे और दस्तावेजों से पकड़ में आया

अजीत कुमार मैदान में दौड़ के लिए पहुंचा था, लेकिन अधिकारियों को दस्तावेजों और पहचान को लेकर संदेह हुआ। उन्होंने पुराना रिकॉर्ड और कैमरे की जांच की तो इस फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया। उसे दौड़ में शामिल होने से पहले ही पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई से भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थी की जगह दूसरे युवक को उतारने की कोशिश नाकाम हो गई। मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 319(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जीआरपी उससे और पूछताछ कर रही है जिससे किसी गिरोह के होने की बात सामने आ सकती है।

निरंजन गिरफ्तार, कुंदन की तलाश

फिजिकल परीक्षा में फर्जीवाड़ा करने वाले आरोपी अजीत को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। वह निरंजन कुमार और कुंदन के नाम से फिजिकल परीक्षा देने पहुंचा था। जीआरपी थाना प्रभारी सोहन पाटीदार ने बताया कि अजीत के बाद निरंजन कुमार पिता भुवनेश्वर पासवान निवासी धनपुरा मुंगेर को गिरफ्तार कर लिया जबकि दूसरा व्यक्ति कुंदन निवासी शंभूपुरा मुंगेर अभी फरार है जिसकी तलाश कर रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak