जबलपुर। शहर में खुलेआम घूमने वाले मवेशियों पर कोई लगाम नहीं है। इससे रोजाना कहीं न कहीं घटनाएं हो रही है, जिसमें लोग घायल हो रहे हैं। हाल ही में खेरमाई मंदिर के सामने एक मामला सामने आया है, जिसमें एक बैल ने तीन बार एक व्यक्ति को उठाकर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम करके शव पीएम के लिए भेज दिया है।
हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल ने बताया कि खेरमाई मंदिर के गेट नंबर एक के सामने सुबह 8 बजे के लगभग टेमरभीटा निवासी रवि यादव को सड़क पर घूमने वाले एक बैल ने उठाकर पटक दिया। यह घटना एक बार नहीं हुई है बल्कि रवि को बैल ने दो बार और उठाकर पटका। गंभीर हालत में रवि को क्षेत्रीय लोगों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान रवि की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मृतक रवि के भतीजे आमिर यादव ने बताया कि उसके मौसा दूध का धंधा करते थे। वे दूध बेचकर वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
