khabar abhi tak

स्टेट बार काउंसिल चुनाव: आरके सिंह सैनी ने पार किया जादुई आंकड़ा,काउंसिल में स्थान हुआ पक्का




जबलपुर। मध्य प्रदेश स्टेट बार कौंसिल चुनाव 2026 में जबलपुर के  वरिष्ठ अधिवक्ता आरके सिंह सैनी ने जीत के लिए निर्धारित कोटा पार कर ऐतिहासिक सफलता दर्ज की। जबलपुर के अधिवक्ताओं के भारी समर्थन से उन्होंने तय 2484 मतों का पैमाना लांघकर काउंसिल में अपनी जगह पक्की कर ली। चुनाव परिणाम घोषित होते ही जबलपुर सहित पूरे मध्य प्रदेश के वकीलों में जबरदस्त उत्साह फैल गया। पिछले कार्यकाल में लगातार 5 वर्षों तक स्टेट बार के वाइस चेयरमैन और अनुशासन समिति के अध्यक्ष रहे सैनी की कार्यशैली को देखते हुए वकीलों ने उन्हें रिकॉर्ड समर्थन दिया। उन्होंने इस चुनावी विजय को पूरे प्रदेश के विधि समुदाय को समर्पित करते हुए पूर्व कार्यकाल के शेष कार्यों को गति देने और नई योजनाओं के जरिए अधिवक्ताओं के हित साधने का भरोसा दिलाया।

पूर्व प्रशासनिक अनुभवों का मिलेगा लाभ

​सैनी के पास स्टेट बार कौंसिल के प्रशासनिक ढांचे का लंबा अनुभव मौजूद है। पिछले 5 साल तक उन्होंने संगठन के दो महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी बखूबी संभाली। वाइस चेयरमैन के दायित्व के साथ-साथ अनुशासन समिति के प्रमुख के रूप में उन्होंने संस्थागत मर्यादा और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी। उनके इसी पिछले रिकॉर्ड को ध्यान में रखकर इस बार मतदाताओं ने उन पर दोबारा मजबूत भरोसा जताया। जबलपुर जिला बार से मिले प्रचंड मतों ने उनकी बढ़त को निर्णायक मोड़ दिया, जिससे वे तय सीमा से आगे निकल गए।

वकीलों की भलाई को होगी प्राथमिकता:सैनी

​अपनी जीत पर कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सैनी ने भविष्य की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि उनका प्रमुख मकसद वकीलों की पुरानी लंबित समस्याओं का स्थायी निवारण करना है। अधिवक्ताओं की सामाजिक सुरक्षा, आकस्मिक सहायता और पेशेवर सुविधाओं के लिए नई रूपरेखा तैयार की जाएगी। जूनियर और सीनियर सभी वर्गों की सहूलियत को ध्यान में रखकर ठोस नीतियां जमीन पर उतारी जाएंगी, ताकि किसी भी वकील को पेशेवर अथवा निजी स्तर पर बेवजह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak