जबलपुर। सिहोरा में हिरन नदी के हरगढ़ घाट पर आज उस वक्त अवैध कारोबारियों में भगदड़ मच गई, जब खनिज विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर यहां पर दबिश दी। टीम ने मौके से एक रेत से भरा टै्रक्टर पकड़ा, वहीं रेत निकालने में लगी नाव को तोड़ दिया गया। बोट से निकाली गई रेत को प्रशासन ने नदी में ही बहाकर खत्म कर दिया।
बताया गया है कि सिहोरा व आसपास के क्षेत्र में हिरन नदी से रेत का अवैध खनन तेजी से किया जा रहा है। इस बात की खबर मिलते ही खनिज विभाग की टीम सक्रिय हो गई और पुलिस की मदद से हिरन नदी के हरगढ़ घाट पर घेराबंदी कर दबिश दी। खनिज विभाग व पुलिस को देखते ही अवैध कारोबारी मौके से भाग निकले। इसके बाद अधिकारियों व पुलिस ने मिलकर रेत निकाल रही नाव को तोड़ दिया, वहीं घाट के किनारे एकत्र की गई रेत को नदी में बहा दिया। इसके अलावा रेत से भरे एक ट्रैक्टर को खितौला थाना पहुंचा दिया है। सिहोरा एसडीएम ज्योति परस्ते के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम में तहसीलदार सुमित कुमार गुप्ता, आरआई और पटवारी भी शामिल थे। अधिकारियों का कहना था कि बारिश के बाद नदी में बहकर आई रेत को बोट की मदद से निकालने की शिकायतें मिल रही थीं। हिरन नदी के अलग-अलग घाटों से ट्रैक्टर, हाइवा और डंपरों के जरिए अवैध रेत खनन और परिवहन की शिकायतें भी लगातार आ रही थीं। हरगढ़ घाट पर कार्रवाई के बाद भी गोसलपुर, मझगवां और मझौली क्षेत्रों में हिरन नदी से रेत निकाले जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
Tags
jabalpur