जबलपुर. पमरे के जबलपुर मंडल के अंतर्गत ट्रेन संख्या 22366 दानापुर-एसएमवीटी बेंगलुरु सुपरफास्ट ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात गार्ड की सतर्कता एवं रेलकर्मियों की तत्परता से गुर्रमखेड़ी स्टेशन के समीप ट्रेन से गिरकर घायल हुए यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
प्राप्त सूचना के अनुसार राघवेन्द्र सिंह, पिता श्री हनुमान सिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी कुसवार, थाना सिमरिया, जिला रीवा (मध्य प्रदेश) गुर्रमखेड़ी स्टेशन से ट्रेन के प्रस्थान के बाद गिरकर घायल हो गए थे। ड्यूटी पर तैनात गार्ड ने यात्री को घायल अवस्था में देखा और तत्काल इसकी सूचना संबंधित रेलकर्मियों को दी।
गार्ड की सूचना पर गुर्रमखेड़ी स्टेशन से स्ट्रेचर मंगवाया गया तथा सफाईकर्मी एवं आरपीएफ स्टाफ की सहायता से घायल यात्री को ट्रेन के गार्ड कोच में सुरक्षित बैठाया गया। इसके पश्चात गार्ड द्वारा ट्रेन को आवश्यकतानुसार रुकवाकर घायल यात्री को पिपरिया स्टेशन तक लाया गया।
पिपरिया स्टेशन पहुंचने पर वाणिज्य विभाग के स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य एवं आरपीएफ स्टाफ द्वारा इसे अटेंड किया गया एवं तुरंत शासकीय चिकित्सालय एंबुलेंस से पहुंचाया गया. रेलवे के कर्मचारियों द्वारा दिखाई गई सतर्कता, तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता के चलते घायल यात्री को समय पर आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल सकी।
