जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट जबलपुर में गणेश उत्सव के अवसर पर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा गणेश प्रतिमा की स्थापना कर महाआरती की गई। आरती में प्रशासनिक न्यायमूर्ति, हाईकोर्ट के न्यायमूर्तिगण एवं अधिवक्तागण शामिल हुए। कार्यक्रम में विशेष अतिथि जस्टिस एके सिंह के सम्मान में भी आयोजन किया गया, जिनका सेवानिवृत्ति दिवस अगले दिन है।
वक्ताओं ने कहा कि मध्य प्रदेश हाईकोर्ट जबलपुर की गौरवशाली परंपरा और गरिमा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। नई कार्यकारिणी द्वारा बार रूम्स की सफाई, वाई-फाई सुविधा सहित अधिवक्ताओं से जुड़े अन्य कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने की जानकारी दी गई। हाईकोर्ट बार के अध्यक्ष मृगेंद्र सिंह और उपाध्यक्ष सत्येंद्र ज्योतिषी के विशेष योगदान की भी सराहना की।
पदाधिकारियों ने कहा कि कार्यकारिणी के सभी 16 सदस्य पूरी लगन और जज्बे के साथ अधिवक्ताओं के हित में काम करने तथा बार की गरिमा और परंपराओं को कायम रखने के लिए संकल्पित हैं।
