कार्यपालन यंत्री के 3 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा
जबलपुर। लोक निर्माण विभाग (पीडबलूडी) के प्रभारी कार्यपालन यंत्री कमलकिशोर सिंगारे के ठिकानों पर गुरुवार सुबह पौने 6 बजे जबलपुर ईओडब्लू की टीमों ने छापा मारा. ईओडब्लू ने बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल में एक साथ कार्रवाई की. सिंगारे के पास बेहिसाब प्रॉपर्टी मिलने की जानकारी सामने आ रही है. ईओडब्लू का कहना है कि अभी दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है.
भ्रष्टाचार की शिकायत पर ईओडब्लू का छापा
ईओडब्लू के अनुसार शुरुआती जांच में बालाघाट स्थित आवास से करीब 2 लाख 50 हजार रुपए नगद, एक नई स्कॉर्पियो वाहन और दर्जनों खाली लिफाफे मिले हैं. कार्रवाई के बाद ईओडब्लू की टीम प्रभारी कार्यपालन यंत्री कमलकिशोर सिंगारे को बालाघाट से छिंदवाड़ा स्थित उनके आवास पर भी लेकर गई. तीनों ठिकानों पर जांच जारी है. ईओडब्लू की यह कार्रवाई भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद की गई.
10 लाख कमीशन लेने का आरोप
मध्यप्रदेश सिविल कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी यूनुस खान उर्फ पप्पा भाई ने भ्रष्टाचार की शिकायत की थी. शिकायतकर्ता यूनुस खान ने बताया कार्यपालन यंत्री से जिले के सभी ठेकेदार परेशान हैं. अनावश्यक रूप से ठेकेदारों को परेशान कर अवैध वसूली द्वारा की जाती है. हमारे एक ठेकेदार साथी छोटू ठाकरे के 30 लाख के काम पर 10 लाख कमीशन ले लिया. इसकी जानकारी छोटू ठाकरे ने मुझे दी. इसके बाद शिकायत ईओडब्ल्यू जबलपुर में की गई.
छिंदवाड़ा के बंगले पर भी सर्चिंग
बालाघाट में कमलकिशोर सिंगारे विगत 14 माह से प्रभारी कार्यपालन यंत्री के तौर पर पदस्थ हैं. फिलहाल ईओडब्लू की जांच जारी है. कार्रवाई पूरी होने के बाद ही बरामदगी को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी. बालाघाट के बाद छिंदवाड़ा के बंगले में ईओडब्ल्यू ने कोना-कोना छाना. बंगले के बाहर ईओडब्लू ने एंबुलेंस के साथ ही पुलिस का वज्र वाहन सुरक्षा की दृष्टि से तैनात कराया है.
सिंगारे के परिजनों के मोबाइल जब्त
ईओडब्लू ने कार्रवाई के दौरान परिवार के लोगों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए. बंगले पर कार्रवाई के बाद बैंकों के लॉकर्स की भी जांच की जाएगी. ईओडब्लू डीएसपी मनजीत सिंह ने बताया तीनों ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई जारी है. दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं. पूरी जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी.
