जबलपुर। बेलखेड़ा के बसेड़ी गांव में एक चार वर्षीय मूकबधिर बालक की हत्या करने वाले उसके पिता तुलसीराम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथौड़ी जब्त कर ली है।
बेलखेड़ा पुलिस ने बताया कि वारदात की सूचना मिलने पर बुधवार को थाना प्रभारी अनिल पटेल हमराह स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने पाया कि तरवर सिंह लोधी के ऊपर वाले कमरे में तुलसीराम अपने परिवार के साथ रहता है। कमरे में दरवाजे के सामने बच्चे का शव खून से लथपत पड़ा था। मौेके पर तरवर सिंह लोधी ने बताया कि उसके छोटे बेटे तुलसीराम लोधी के 2 बेटे हैं। वह एवं उसकी पत्नी बड़े बेटे राजेश के साथ मकान के नीचे वाले हिस्से में रहते हैं। तुलसीराम का छोटा बेटा प्रेम सिंह बचपन से ही बीमार अर्ध विक्षिप्त विकलांग जैसा था। 2 सितंबर की दोपहर लगभग 12-30 बजे बहू कमरे के नीचे बर्तन साफ करने आयी थी। वह कमरे के नीचे था। उपर के कमरे से हथौड़ी की खट खट की आवाज आने पर ऊपर जाकर देखा तुलसीराम अपने कमरे में हथौड़ी से नाती प्रेम सिंह के साथ मारपीट कर रहा था। वह जोर से चिल्लाया तो तुलसीराम उतरकर नीचे कमरे में चला गया। नाती प्रेम सिंह दरवाजे की चौखट पर चित अवस्था में पड़ा था, जिसे दाहिने तरफ आंख व सिर में गम्भीर चोट थी। खून निकल रहा था। जिसकी मृत्यु हो गयी थी। पुलिस टीम द्वारा सरगर्मी से तलाश करते हुये ग्राम बसेड़ी से आरोपी तुलसीराम लोधी को अभिरक्षा में लेते हुये आरोपी की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त हथौड़ी जब्त की।
