पश्चिम मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन अध्यक्षा श्रीमती ऋचा सिंह की रही गरिमामय उपस्थिति
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे कल्याण संगठन के तत्वावधान में डब्ल्यू.सी.आर. हाई स्कूल, लोको तलैया में बच्चों के लिए निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में साहित्यिक अभिरुचि, सृजनात्मक लेखन, विचार अभिव्यक्ति एवं सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करना है । आज की प्रतियोगिता में कुल 40 विद्यार्थियों ने निर्धारित विषयों पर अपने विचारों को रचनात्मक एवं प्रभावशाली ढंग से निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती ऋचा सिंह की गरिमामय उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए अध्ययन के साथ-साथ रचनात्मक अभिव्यक्ति, लेखन कौशल आवश्यक है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में आत्मविश्वास, लेखन क्षमता और स्वतंत्र चिंतन को बढ़ावा मिलता है। इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की अन्य सदस्याओं ने प्रतियोगिता के संचालन में सहयोग प्रदान किया तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में संगठन की ओर से सचिव श्रीमती रेनू गौतम, संयुक्त सचिव श्रीमती सारिका गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती शाहवर हाशमी सहित अन्य महिला संगठन सदस्याएं उपस्थित रहीं ।
प्रतियोगिता में आयु वर्ग के अनुसार तीन श्रेणियां रखी गई थीं। इसमें ग्रुप-I में (6 से 9 वर्ष) के लिए "स्वस्थ भोजन/पौष्टिक आहार" अथवा "मेरे कक्षा अध्यापक/मेरी कक्षा अध्यापिका" विषय रखा गया था । इसी प्रकार ग्रुप-II में (10 से 12 वर्ष) के लिए विषय "मनोरंजन गतिविधियों का जीवन में महत्व" अथवा "संयुक्त परिवार या एकल परिवार" रखा गया था। ग्रुप-III में (13 से 15 वर्ष) हेतु विषय "देश की बढ़ती जनसंख्या—वरदान या अभिशाप?" अथवा दूसरा विषय " पीढ़ी जेन-जी (Gen-Z)" था।

