जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, सहायता एवं उनके छूटे हुए सामान की सुरक्षित वापसी के लिए लगातार सतर्कता एवं तत्परता से कार्य किया जा रहा है। दिनांक 31 अगस्त से 06 सितंबर के दौरान आरपीएफ द्वारा विभिन्न मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्रियों के महत्वपूर्ण सामान को सुरक्षित बरामद कर सत्यापन के पश्चात उन्हें सुपुर्द किया गया। साथ ही, 139 से प्राप्त सूचना पर महिला यात्री को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया तथा यात्री से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
सागर में यात्री का ट्रॉली बैग बरामद कर सुरक्षित लौटाया
गत 31 अगस्त को गाड़ी संख्या 20808 के यात्री का नीले रंग का ट्रॉली बैग माखनखेड़ी स्टेशन पर छूट जाने की सूचना प्राप्त हुई। आरपीएफ स्टाफ द्वारा प्लेटफॉर्म नंबर 02 पर तत्काल खोजबीन कर बैग बरामद किया गया। सत्यापन के दौरान बैग में 13 नग कपड़े, 03 नग चश्मे एवं एक शेविंग बैग सहित लगभग 12,000 मूल्य का सामान पाया गया। आवश्यक सत्यापन के बाद सामान को यात्री नितीश उपाध्याय को सुरक्षित सुपुर्द किया गया।
जबलपुर में 69 हजार मूल्य का लैपटॉप एवं अन्य सामान सुरक्षित लौटाया
01 सितंबर को गाड़ी संख्या 22354 के कोच बी-01 की बर्थ नंबर 50 पर यात्री का छूटा हुआ एचपी कंपनी का लैपटॉप, चार्जर एवं आवश्यक दस्तावेजों वाला हैंडबैग सूचना मिलने पर बरामद कर आरपीएफ पोस्ट जबलपुर में जमा कराया गया। यात्री नीलेश झपाटे को सूचित कर आरपीएफ पोस्ट जबलपुर बुलाया गया। गवाहों की उपस्थिति में बैग में रखे लगभग 69,000 मूल्य के सामान का सत्यापन किया गया। उप निरीक्षक राजकुमार चंदेल द्वारा आधार कार्ड के माध्यम से पहचान सुनिश्चित करने के पश्चात हैंडबैग सहित समस्त सामान यात्री को सुरक्षित सुपुर्द किया गया।
139 की सूचना पर महिला यात्री को सुरक्षित रेस्क्यू
दिनांक 01 सितंबर 2026 को रेल मदद 139 से प्राप्त सूचना पर गाड़ी संख्या 18234 में यात्रा कर रही 54 वर्षीय महिला यात्री को फोटो के आधार पर चिन्हित कर उप निरीक्षक राजकुमार चंदेल एवं स्टाफ द्वारा ट्रेन के जनरल कोच से सुरक्षित रेस्क्यू कर आरपीएफ पोस्ट जबलपुर लाया गया। महिला की पुत्री को सूचना दी गई, जिसके बाद उनके परिचित धर्मेंद्र कुमार पाठक आरपीएफ पोस्ट पर उपस्थित हुए और महिला की पहचान की। आवश्यक सत्यापन के बाद महिला यात्री को सुरक्षित रूप से उनके सुपुर्द किया गया।
69 हजार मूल्य के सामान से भरे दो बैग सुरक्षित लौटाए
दिनांक 05 सितंबर 2026 को गाड़ी संख्या 22177 के कोच एस-06 की बर्थ नंबर 32 पर मिले दो पि_ू बैग आरपीएफ पोस्ट जबलपुर में सुरक्षित जमा कराए गए। यात्री सत्यम सिंह से संपर्क करने पर दोनों बैगों में एचपी कंपनी का लैपटॉप एवं उपयोगी कपड़े, लगभग 69,000 मूल्य का सामान पाया गया। उप निरीक्षक राजकुमार चंदेल द्वारा आवश्यक पहचान एवं सत्यापन के बाद गवाहों की उपस्थिति में दोनों बैग सामान सहित यात्री को सुरक्षित सुपुर्द किए गए।
लावारिस मिले मोबाइल फोन को यात्री तक पहुंचाया
06 सितंबर 2026 को गश्त के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर रियल वन सी-55 मोबाइल फोन लावारिस अवस्था में मिला, जिसे आरपीएफ पोस्ट जबलपुर में सुरक्षित जमा कराया गया। मोबाइल पर संपर्क होने पर यात्री प्रमोद, उम्र 19 वर्ष, निवासी जौनपुर (उ.प्र.), आरपीएफ पोस्ट पर उपस्थित हुए और मोबाइल की पहचान की। मोबाइल की कीमत लगभग 12,999 बताई गई। आवश्यक सत्यापन के बाद मोबाइल फोन यात्री को सुरक्षित सुपुर्द किया गया।
मैहर में यात्री से छीना गया मोबाइल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
दिनांक 06 सितंबर 2026 को एफआईआर क्रमांक 1207/2026, धारा 304(2) एवं 305(बी) बीएनएस/जीआरपी मैहर के प्रकरण में आरपीएफ मैहर द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू रजक को हिरासत में लिया गया। आरोपी के कब्जे से यात्री से छीना गया वीवो मोबाइल फोन, जिसकी कीमत लगभग 15,000 थी, बरामद किया गया। आरोपी एवं बरामद मोबाइल फोन को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए जीआरपी मैहर के सुपुर्द किया गया। इस कार्रवाई में एएसअएाई लोकेश पटेल एवं हेड कांस्टेबल राजेंद्र रैकवार की उल्लेखनीय भूमिका रही।
यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए प्रतिबद्ध
जबलपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, सहायता एवं उनके सामान की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। आरपीएफ के सतर्क एवं जिम्मेदार कर्मचारियों द्वारा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस प्रकार की कार्यवाही यात्रियों के बीच विश्वास, सुरक्षा एवं रेलवे की संवेदनशील कार्यप्रणाली को और मजबूत करती है।

