सागर। सागर में जहरीली शराबकांड में फरार आरोपी शिवांजय राजपूत को आज तड़के पुलिस ने जंगल में घेर लिया। पुलिस को देखते ही शिवाजंय ने फायरिंग शुरु कर दी। पुलिस ने काउंटर फायरिंग की, जिसमें गोली शिवाजंय के पैर में लगी और वह गिर गया। इसके बाद पुलिस ने शिवांजय को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों को खबर मिली कि शिवांजय कठुआ नाला के पास जंगल से होता हुआ अपने गांव छापरी पहुंच रहा है। इस पर बांदरी और बहरोल थाने की टीमों ने इलाके को घेर लिया। तड़के करीब 4 बजे पुलिस और आरोपी का आमना-सामना हुआ। पुलिस ने उसे सरेंडर करने के लिए कहा लेकिन शिवांजय ने गोलियां चलाना शुरु कर दिया। जिसपर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। शिवांजय ने तीन गोलियां चलाईं। इसके बाद पुलिस की एक गोली उसके पैर में लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस, 3 खाली कारतूस, एक मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद की है। फिलहाल, उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बंडा के छापरी गांव में रहने वाला शिवांजय, शराब कांड के मुख्य आरोपी चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू का रिश्तेदार है। इस अवैध सिंडिकेट की शराब सप्लाई में उसकी बड़ी भूमिका थी। शिवांजय पर अलग-अलग थानों में 3 केस दर्ज हैं। पुलिस ने शराबकांड में उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार का इनाम रखा था। इससे पहले शुक्रवार को मामले के मुख्य आरोपी रवि लखेरा को भी शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया गया था। उस पर 20 हजार का इनाम था। 33 आरोपियों में अब तक 19 गिरफ्तार-
जांच में शराब बनाने से लेकर गांवों तक सप्लाई करने तक कई लोगों की भूमिका सामने आई है। मामले में अब तक 33 आरोपी बनाए गए हैं। इनमें 19 गिरफ्तार किए जा चुके हैं। एक की मौत हो गई है जबकि एक अस्पताल में भर्ती है। मनीष लोधी और सिद्धार्थ कुशवाहा समेत 12 आरोपी फरार हैं।
रवि लखेरा: शराब बनाने का मास्टरमाइंड-
रवि लखेरा मूल रूप से छतरपुर जिले के महोबा का रहने वाला है। वह लंबे समय से उत्तर प्रदेश के ललितपुर की गंगापुरम कॉलोनी में रहता है। पुलिस के मुताबिक, वह अंतरराज्यीय शराब तस्कर है। मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश समेत कई थानों में उसके खिलाफ करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें सबसे ज्यादा आबकारी एक्ट के हैं। पुलिस ने बताया कि रवि को शराब बनाने और इसमें इस्तेमाल होने वाले सामान की अच्छी जानकारी है। वह अपनी टीम के जरिए नकली शराब तैयार करवाता था।