जबलपुर। मध्य प्रदेश के सभी शासकीय और अशासकीय उच्च शिक्षण संस्थानों में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान-2026 का आयोजन किया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग के इस महत्वपूर्ण फैसले के तहत विद्यार्थियों को सीधे समाज सेवा और जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। जबलपुर स्थित लीड कॉलेज के प्राचार्य प्रो अल्केश चतुर्वेदी के अनुसार विभाग ने पूरा विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है, ताकि छात्र समुदाय के साथ मिलकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें। इस 1 माह तक चलने वाले विशेष अभियान का मुख्य लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और युवाओं में सामाजिक दायित्व की भावना जगाना है। इस पूरे आयोजन में छात्रों के साथ स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, महिला समूह और सामाजिक संस्थाएं भी पूर्ण सहयोग करेंगी।
नोडल अधिकारी संभालेंगे कॉलेज में अभियानों की कमान
विश्वविद्यालय स्तर पर कुलसचिव तथा कॉलेजों में प्राचार्य द्वारा एक समर्पित नोडल अधिकारी की तैनाती की जाएगी। यह अधिकारी परिसर में होने वाले कार्यक्रमों के संचालन, आपसी तालमेल और सभी गतिविधियों के दस्तावेजीकरण का पूरा काम देखेंगे। अभियान के तहत आयोजित प्रत्येक गतिविधि की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से सीधे भोपाल स्थित राज्य मुख्यालय भेजी जाएगी। व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए प्राध्यापक, कॉलेज स्टाफ और पूर्व छात्र भी मैदानी स्तर पर जुड़कर प्रशासनिक तंत्र का पूरा सहयोग करेंगे।
जागरूकता बढ़ाने को होंगी 13 प्रमुख जनहित गतिविधियां
चरणबद्ध योजना के अनुसार परिसरों में 13 प्रमुख सामाजिक कार्यक्रमों का संचालन होगा। इसमें पर्यावरण संवर्धन के लिए पौधरोपण और जल संरक्षण पर जोर दिया जाएगा, वहीं स्वच्छता श्रमदान के साथ स्वास्थ्य एवं महिला स्वच्छता सत्र आयोजित होंगे। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए नशामुक्ति परामर्श, तनाव मुक्ति के लिए फिट इंडिया योग और डिजिटल ठगी रोकने हेतु साइबर सुरक्षा का पाठ पढ़ाया जाएगा। इसके अतिरिक्त चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, भाषण स्पर्धा, सड़क सुरक्षा नियम, करियर मार्गदर्शन और निष्पक्ष मतदान पर विशेष सत्र होंगे।
