khabar abhi tak

एमपी के बिजुरी स्टेशन में लोको पायलटों के धरने पर फैमिली भी बैठी, रेलवे पर लगाया गंभीर आरोप

अनूपपुर.  मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी रेलवे स्टेशन जो दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे (एसईसीआर) के अधीन आता है, यहां पर लोको पायलटों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार 13 सितम्बर को नौवें दिन भी जारी रहा। शाम को लोको पायलटों के परिवारजन भी आंदोलन में शामिल हो गए। कर्मचारियों का आरोप है कि रेलवे प्रबंधन तय मानकों के विपरीत और असुरक्षित तरीके से काम करने का दबाव बनाता है, लेकिन शिकायतों के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही।

धरने पर बैठे लोको पायलटों का कहना है कि कई बार उनसे शॉर्टकट तरीके अपनाकर काम करने का दबाव बनाया जाता है। उनका आरोप है कि इससे कर्मचारियों की सुरक्षा प्रभावित होती है और किसी अनहोनी की स्थिति में जिम्मेदारी तय करने के बजाय कर्मचारी पर ही कार्रवाई की जाती है।

काम में देरी का आरोप लगाकर ट्रांसफर की शिकायत

कर्मचारियों के मुताबिक, असुरक्षित तरीके से काम करने से इनकार या किसी वजह से काम में देरी होने पर कर्मचारी पर ही आरोप लगाया जाता है। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में ट्रांसफर जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। लोको पायलटों ने अपने साथी एमके विभूति के ट्रांसफर का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि उन पर गलत आरोप लगाकर उन्हें ब्रजराजनगर, ओडिशा ट्रांसफर किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने प्रबंधन के सामने अपनी समस्याएं रखने की कोशिश की, लेकिन उनकी बात गंभीरता से नहीं सुनी गई।

डीआरएम को ज्ञापन के बाद भी कार्रवाई नहीं

लोको पायलटों ने अपनी मांगों को लेकर बिलासपुर के मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन दिया था। कर्मचारियों का कहना है कि इसके बावजूद अब तक उनकी समस्याओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोको पायलट संघ ने कहा है कि जब तक रेलवे प्रबंधन उनकी मांगों पर सुनवाई कर उचित समाधान नहीं करता, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। परिवारों के आंदोलन में शामिल होने के बाद प्रदर्शन का दायरा बढ़ गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak