जबलपुर। पनागर के भरदा गांव से लगी द्वारिका परिसर टाउनशिप में शुक्रवार की सुबह विशाल मगरमच्छ को देखकर लोगों में भगदड़ की स्थिति बन गई। मगरमच्छ की खबर मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंच गया है। इस जगह पर पानी भरे होने की वजह से वन अमला रेस्क्यू नहीं कर पा रहा है। वन अमले का कहना है कि पानी उतरने पर रेस्क्यू संभव हो सकेगा। फिलहाल, वन अमले ने गांव के सरपंच के माध्यम से मुनादी करवाकर लोगों को अलर्ट रहने को कहना है। पुलिस भी अलर्ट हो गई है।
द्वारका परिसर के भरदा ग्राम पनागर के द्वारिका परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों ने लगभग 3 से 4 फीट लंबे मगरमच्छ को देखा था। इसकी सूचना मिलते ही वन परिच्छेद अधिकारी सौरभ शर्मा और उनकी रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि भारी जलभराव के कारण मगरमच्छ को पकड़ना काफी मुश्किल साबित हो रहा है। ग्रामीणों और सहयोगियों की मदद से फिलहाल इलाके का पानी खाली कराया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द इस खतरनाक मगरमच्छ का रेस्क्यू किया जा सके।
गौरतलब है कि इस इलाके के आसपास कई रिहायशी मकान हैं। अक्सर बच्चे बाहर खेलते रहते हैं। इसलिए वन विभाग ने एहतियात के तौर पर ग्रामीणों को उस जगह से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है। सरपंच के माध्यम से पूरे गांव में मुनादी भी करा दी गई है ताकि लोग पानी से भरे इलाकों से उचित दूरी बनाकर रखें। डिप्टी रेंजर शैलेश कुमार गौतम ने बताया कि पानी पूरी तरह खाली होते ही या मगरमच्छ के बाहर आते ही उसे तुरंत पकड़ लिया जाएगा।
