जबलपुर। सिविल लाइन थानान्तर्गत लवली होटल के समीप विनीत गर्ग नामक युवक के साथ लूट की वारदात हुई है। विनीत जब पैदल एम्पायर तिराहा की ओर जा रहा था, इस दौरान मोटर साइकल से आए बदमाशों ने मोबाइल फोन छीना और भाग निकले। पुलिस ने विनीत गर्ग की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है। पुलिस के अनुसार विनीत गर्ग उम्र 21 वर्ष निवासी शेरगंज थाना सिविल लाईन सतना एमपीएल एग्रो मार्केट में प्राईवेट काम करता है। वह जबलपुर मीटिंग के लिए आया था। वह रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर 1 से पैदल एम्पायर की ओर जाने निकला। जब वह लवली होटल के सामने से गुजर रहा था, इस दौरान काले रंग की स्पेलेण्डर मोटर सायकल में 2 लड़के आए और विनीत के हाथ से मोबाइल फोन छीनकर भाग निकले। मोबाइल फोन छिनते ही विनीत ने शोर मचाते हुए पीछा किया लेकिन लुटेरे भागने में सफल रहे। विनीत ने लोगों से पूछताछ के बाद सिविल लाइन थाना पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसपर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी गई है।
Tags
jabalpur