khabar abhi tak

लगेगा महंगाई का झटका : 1 अक्टूबर से महंगे होंगे एसी, टीवी समेत इलेक्ट्रॉनिक्स सामान

नई दिल्ली. इस साल त्योहारी सीजन से पहले देशवासियों को महंगाई का झटका लगने वाला है. दरअसल, 1 अक्टूबर से प्रमुख घरेलू उपकरण और उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माता एयर कंडीशनर, एलईडी टीवी, वाशिंग मशीन और अन्य इलेक्ट्रोनिक्स उत्पादों की कीमतों में 5 से 8 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने जा रहे हैं. यह बढ़ोतरी तांबा, इस्पात और कच्चे तेल जैसे धातुओं की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया संकट के कारण मुद्रा विनिमय में अस्थिरता को देखते हुए की जा रही है.

बता दें कि 2026 में इलेक्ट्रोनिक्स आइटम्स पर ये तीसरी वृद्धि होगी. निर्माताओं का कहना है कि तांबा, एल्युमीनियम, इस्पात और कच्चे तेल जैसे प्रमुख इनपुट की लगातार बढ़ती कीमतों और माल ढुलाई लागत में वृद्धि के कारण कीमतों में और संशोधन करना अनिवार्य हो गया है.

1 अक्टूबर से महंगे हो जाएंगे एसी

माना जा रहा है कि 1 अक्टूबर 2026 से एयर कंडीशनर की कीमतों में करीब पांच से आठ प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है. जबकि कुछ कंपनियां वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर और एलईडी टीवी के दाम में 3-4 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकती हैं. जबकि कुछ कंपनियां अभी स्थिति का आकलन करने में जुटी हैं. कुछ कंपनियों का मानना है कि कीमत बढ़ाने से मांग पर असर पड़ सकता है. जबकि कुछ का कहना है कि कीमतों बढ़ोतरी का असर सीमित रहेगा, क्योंकि डीलर और वितरकों के पास पहले ही पुराने दाम का स्टॉक मौजूद है. बता दें कि ब्लू स्टार, गोदरेज अप्लायंसेज, हायर, डइकिन और सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स समेत कई कंपनियां पहले ही विभिन्न श्रेणियों में कीमतें बढ़ाने का एलान कर चुकी हैं.

कीमतों में बढ़ोतरी का ये है कारण

बता दें कि एलजी और बॉश होम कम्फर्ट और हिताची जैसी ब्रांड एयर कंडीशनर का कारोबार करती है. इन कंपनियां भी अपने एसी की कीमतों में करीब पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी कर सकती हैं. हालांकि पैनासोनिक अभी कीमत बढ़ाने को लेकर स्थिति का आकलन कर रही है. इस बीच ब्लू स्टार के प्रबंध निदेशक बी. त्यागराजन ने बताया कि बढ़ती जिंस कीमतों के कारण एसी और डीप फ्रीजर के दाम में पहले ही 5-8 प्रतिशत बढ़ोतरी हो चुकी है. उन्होंने बताया कि तांबा, इस्पात और प्लास्टिक समेत विभिन्न कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है. उन्होंने कहा कि कंपनी इस साल अब तक तीन बार दामों में बढ़ोतरी कर चुकी है.

8-10 फीसदी बढ़े जिंस के दाम

वहीं गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के कारोबार प्रमुख और कार्यकारी उपाध्यक्ष कमल नंदी का कहना है कि पिछली कीमत समीक्षा के बाद जिंस की लागत में आठ से 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. ऐसे में विभिन्न श्रेणियों में पांच से सात प्रतिशत तक बढ़ोतरी अनिवार्य हो गई है. उन्होंने कहा कि पुराने दाम पर खरीदा गया स्टॉक भी अभी करीब एक से डेढ़ महीने तक बाजार में उपलब्ध रहेगा.

हायर इंडिया भी बढ़ाएगा दाम

उधर हायर इंडिया के अध्यक्ष एन.एस. सतीश ने कहा कि कंपनी एक अक्टूबर से एसी  की कीमतों में करीब पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी करेगी. इसके अलावा अन्य उत्पादों, जैसे एलईडी टीवी और वॉशिंग मशीन के दाम में भी दो से तीन फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी. उन्होंने कहा कि अगर कच्चे माल की लागत बढ़ती रही है तो दिसंबर और जनवरी में भी कीमतें बढ़ाई जा सकती हैं. उन्होंने कहा कि तांबे की कीमत पिछले साल के करीब 8 से 9 हजार डॉलर प्रति टन से बढ़कर लगभग 14,500 डॉलर तक पहुंच गई है. उन्होंने बताया कि एक एसी में औसतन तीन से चार किग्रा तांबे का इस्तेमाल किया जाता है. जिससे इसका असर एसी की विनिर्माण लागत पर सीधे पड़ रहा है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak