जबलपुर। जबलपुर में आज कांग्रेसजनों ने विक्टोरिया टाउन हॉल से घंटाघर तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में वोटों की चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ज्ञानेश कुमार से तुरंत इस्तीफा देने या उन पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इसके साथ ही शीर्ष नेतृत्व के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई। पूर्व विधायक लखन घनघोरिया और संजय यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सड़क से संसद तक आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने दावा किया कि आम जनता भी इस लड़ाई में उनके साथ है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है और आयुक्तों की नियुक्ति में पारदर्शिता नहीं है। गौरतलब है कि एक दिन पहले युवक कांग्रेस ने एसपी आफिस का घेराव कर प्रदर्शन किया था।
Tags
jabalpur